Bareilly News: बारिश ने बिगाड़ी शहर की सूरत, जलभराव से जूझे लोग
बरेली। सोमवार शाम हुई बारिश ने एक घंटे में ही शहर की सूरत बिगाड़ दी। प्रमुख इलाकों में लोग जलभराव से जूझते रहे। स्कूटी जलभराव में बंद होने से उसे खींचते दिखाई दिए। निचले इलाकों से तो देर रात तक पानी नहीं निकला।
नगर निगम के अफसर सफाई व्यवस्था के तमाम दावे करते हैं और हर बार एक घंटे की बारिश ही सारे उसकी खोल देती है। सोमवार की शाम बारिश शुरू हुई तो सिर्फ तीस मिनट में सुभाषनगर पुलिया के नीचे से लोगों का निकलना दूभर हो गया। यहां जलभराव इतना बढ़ गया कि दोपहिया वाहन फंसकर बंद हो गए और सवारियां लेकर आ रहे कई ई-रिक्शा फंस गए। धक्का देकर लोग वाहन निकालते रहे। बदायूं रोड पर भी यही स्थिति रही। मटकी चौकी पर गलियों में भी जलभराव हो गया। घुटनों तक पानी से होकर लोगों को गुजरना पड़ा। संजयनगर में अधूरी सड़क का दर्द लोग झेलते रहे। बांस मंडी और सिकलापुर में भी ऐसा ही हाल रहा। हजियापुर में घरों तक पानी पहुंच गया और देर रात तक पानी नहीं निकल सका।
जलभराव में फंसे नेताजी
शहर में चुनाव प्रचार कर रहे नेताओं के काफिले भी जलभराव में फंसे। शाम छह बजे एक नेताजी सुभाषनगर में प्रचार के लिए निकले थे। यहां हुए जलभराव से उनकी गाड़ियां भी फंस गई तो वह एक पार्षद के यहां बारिश रुकने और पानी निकलने का इंतजार करते रहे। सड़क से पानी निकलने के बाद ही वह प्रचार के लिए आगे जा सके।



