Bareilly News: डांसरों से बिहार में ठुमके लगवाए, भुगतान लेकर भाग निकला
बरेली। स्थानीय डांसरों को बिहार के छपरा ले जाकर शहर निवासी इवेंट मैनेजर ने दो महीने तक पार्टियों में ठुमके लगवाए। करार खत्म होते ही मैनेजर आठ लाख रुपये हड़पकर बरेली आ गया। आरोप है कि रुपये मांगने पर डांसरों को पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
एसएसपी दफ्तर पहुंचीं डांसर देवरनिया की स्वाति, बहेड़ी की ज्योति, बिथरी की सुनैना, भमोरा की सुनीता और मुरादाबाद की जूही ने पत्र देकर किला के स्वालेनगर निवासी इवेंट मैनेजर, उसके सहयोगी और उसकी पत्नी की शिकायत की। बताया कि वे दूसरे शहरों में जाकर बड़ी पार्टियों और समारोह में नृत्य करके परिवार पालती हैं।
मैनेजर ने बिहार के छपरा में डांस पार्टी कराने के लिए दो महीने का ऑर्डर लिया था। उन लोगों से रोज तीन हजार रुपये के हिसाब से उसने करार कराया। 26 अप्रैल को वे बिहार पहुंचीं। वहां 60 दिन काम कराने के बाद उनका मेहनताना नौ लाख रुपये हुआ। इवेंट मैनेजर ने उन्हें शुरू में ही 92 हजार रुपये दिए थे। बाकी रकम काम खत्म होने के बाद देने की बात कही थी।
करार खत्म होने के बाद इवेंट मैनेजर आयोजकों से रकम लेकर बरेली भाग आया। वह वहां नहीं मिला तो किसी तरह किराये की व्यवस्था करके 30 जून को वे घर आईं। यहां ठेकेदार के घर जाकर अपना मेहनताना मांगा। आरोप है कि ठेकेदार, उसकी पत्नी और सहयोगी ने रुपये देने से इन्कार करते हुए मारपीट और अभद्रता की। जान से मारने की धमकी भी दी।
मुरादाबाद की डांसर ने की आत्महत्या की कोशिश
मुरादाबाद निवासी डांसर जूही के बारे में दूसरी डांसर ने बताया कि उसके घर में काफी आर्थिक तंगी चल रही है। जब मैनेजर ने धक्का मारकर घर से निकाल दिया तो उसे सदमा लगा। उसने अपने घर में आत्महत्या करने की कोशिश की।



