बरेली

Bareilly News: छह साल बाद बारिश का रिकॉर्ड दो दिन और भीगने को रहें तैयार

Connect News 24

बरेली। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता व अनुकूल माहौल बनने पर छह साल बाद रिकॉर्ड बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक वर्ष 2018 के बाद इस वर्ष अगस्त में बीते 24 घंटे में 129 मिमी हुई। विक्षोभ की सक्रियता अभी बरकरार है। ऐसे में अभी दो दिन और झमाझम बारिश होगी।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक रुहेलखंड क्षेत्र में सोमवार को ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया था। जहां अनुकूल माहौल बना वहां कुछ देर बारिश भी हुई थी। मंगलवार को भोर में तेज बारिश के लिए अनुकूल माहौल बना। दिनभर बादल डटे रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। देर रात झमाझम बारिश के बाद बुधवार को दिनभर हल्की-तेज बारिश जारी रही। लिहाजा, दिन और रात में नमी सौ फीसदी तक जा पहुंची। अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम सामान्य से चार डिग्री कम 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बताया कि दो दिन और ऐसा ही माहौल बने रहने की संभावना है।

25 की रात पूर्वी भारत की ओर खिसकेगा मानसून

अतुल के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते हो रही बारिश का दौर 25 अगस्त की देर रात थम सकता है। विक्षोभ के पूर्वी भारत की ओर खिसकने के चलते बारिश की तेजी में कमी आ सकती है। बादल छंटने से धूप निकलेगी और उमस बेहाल कर सकती है।

चेतावनी के निशान से महज दो गेज नीचे जलस्तर

बाढ़ खंड से प्राप्त जानकारी के मुताबिक रामगंगा नदी का जलस्तर अभी चेतावनी के निशान से दो मीटर नीचे 159.8 गेज पर है। अगर कालागढ़ व खो डैम से पानी छोड़ा गया तो जलस्तर एक से डेढ़ गेज तक बढ़ सकता है।

वायरल बीमारियां बढ़ने की आशंका

वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. वागीश वैश्य ने भारी बारिश के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव से वायरल बीमारियों के बढ़ने की आशंका जताई है। बताया कि जगह-जगह जलभराव और कीचड़ से जल और मच्छरजनित रोग बढ़ेंगे। बच्चों और बुजुर्गों को बारिश में न भीगने, गीले कपड़े जल्द बदलने, बुखार, सर्दी व जुकाम आदि के लक्षण होने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने का सुझाव दिया है।

अगस्त में हुई बारिश के आंकड़े

वर्ष बारिश मिमी में

2022 78.6

2021 41.8

2020 36.4

2019 43.8

2018 205.9


मौसम इनपुट

अधिकतम : 26.3

न्यूनतम : 21.9

पूर्वानुमान : दिन में घने बादल मंडराएंगे। हल्की, तेज बारिश की संभावना है।

सूर्योदय : 5:46

सूर्यास्त : 6:45


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button