बरेली

Bareilly News: बारिश से बिजली गुल… 50 हजार लोग परेशान

Connect News 24

बरेली। तेज बारिश में बिजली आपूर्ति का जर्जर सिस्टम दगा दे गया। कहीं ट्रांसफार्मर फुंके तो कहीं अन्य फॉल्ट हुए। अत्यधिक नमी की वजह से ज्यादा नुकसान हुआ। फॉल्ट ठीक करने के लिए कर्मचारियों को बारिश थमने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान कई मोहल्लों में घंटों तक बिजली गुल रही। अलग-अलग फीडरों से जुड़े 50 हजार से अधिक लोग परेशान हुए।

कई जगह उपभोक्ताओं को बिजली कर्मियों की मनमानी भी झेलनी पड़ी। बाग ब्रिगटान में बुधवार शाम छह बजे एक फेज चला गया। इससे 20 घरों की आपूर्ति ठप हो गई। निकुंज शर्मा ने बुधवार 6:47 बजे कुतुबखाना सबस्टेशन पर कॉल की तो कर्मचारी ने सुबह फॉल्ट ठीक करने की बात कही। उसके इस जवाब से लोग परेशान रहे।

12 घंटे में भी आपूर्ति बहाल न करा सके अभियंता

कृष्णानगर फेज टू में बुधवार को सुबह सात बजे बिजली गुल हुई। कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो पता लगा कि अत्यधिक नमी की वजह से 250 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया है। मौके पर पहुंचे अधिशासी अभियंता गौरव शुक्ला ने ट्राॅली ट्रांसफार्मर लगवाया। अपराह्न 3.30 बजे आपूर्ति चालू कराई तो कुछ ही देर में ट्राॅली ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया। आपूर्ति फिर से ठप हो गई।

ट्रांसफार्मर फुंका तो आठ घंटे बाद मिली बिजली

साईंलोक कॉलोनी में सुबह आठ बजे बिजली गई और शाम को चार बजे मिली। 250 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। ट्रांसफार्मर तत्काल न लगाए जाने का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ा। अधिशासी अभियंता ने बताया कि बारिश के दौरान नमी अधिक होने की वजह से ट्रांसफार्मर में फाॅल्ट हुआ था। उसे बदलवा दिया गया है।

भरतौल में 24 घंटे बाद बहाल हो सकी आपूर्ति

केबल बॉक्स में फाॅल्ट होने के कारण भरतौल समेत आसपास के कई गांवों को 24 घंटे तक बिजली नहीं मिली। मंगलवार को शाम चार बजे ठप हुई आपूर्ति बुधवार को शाम पांच बजे सुचारु हो सकी। अवर अभियंता ने बताया कि बारिश की वजह से कई जगह फाॅल्ट हुए। बारिश के दौरान भी कर्मचारियों ने काम किया, लेकिन वक्त अधिक लगा।

कोहाड़ापीर के 25 हजार लोगों की नींद उड़ी

कोहाड़ापीर सबस्टेशन से जुड़े छह हजार से अधिक घरों की आपूर्ति ठप हो गई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि मंगलवार को रात 9:30 बजे दोहना से आने वाली 33 केवी की बिजली लाइन ट्रिप कर गई थी। डेढ़ घंटे पेट्रोलिंग के बाद आपूर्ति सुचारु की गई। इसके अलावा छोटे फाॅल्ट दिन भर होते रहे और कर्मचारी बारिश में ही ठीक करते रहे।

मढ़ीनाथ के पांच हजार उपभोक्ता रहे परेशान

परसाखेड़ा से आने वाली 33 केवी बिजली लाइन में फाॅल्ट की वजह से मंगलवार को दो घंटे मढ़ीनाथ सबस्टेशन की आपूर्ति ठप रही। पांच हजार उपभोक्ता बिजली के लिए तरस गए। हनुमानगढ़ी और वंशी नगला फीडर बुधवार को दिनभर प्रभावित रहे। केबल जलने से बुधवार को दोपहर 12 से 2:30 बजे तक बिजली गुल रही।

कोट

बारिश के चलते फाॅल्ट अधिक हुए हैं। अभियंताओं ने उन्हें ठीक कराया है। सिस्टम को लगातार ठीक किया जा रहा है ताकि फाॅल्ट कम से कम हों। – राजीव कुमार, मुख्य अभियंता


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button