Budaun News: गंगा किनारे के गांवों में कराई जाएगी जैविक खेती
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Thu, 24 Aug 2023 02:23 AM IST

कलक्ट्रेट में जिलास्तरीय शासी निकाय की बैठक करते डीएम मनोज कुमार।स्रोत-सूचना विभाग
बदायूं। यूपी डास्प (उत्तर प्रदेश कृषि विविधीकरण योजना) के तहत संचालित नमामि गंगे जैविक खेती के संबंध में डीएम ने अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट में बैठक की। इसमें नमामि गंगे जैविक खेती योजना के तहत गंगा किनारे के गांवों में कार्य करने के लिए डीएम ने सहमति दी। किसानों का समूह तैयार कर उन्हें कृषि विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे।
यूपी डास्प के परियोजना समन्वयक डॉ. राजुल सक्सेना ने डीएम मनोज कुमार को बताया कि योजना तहत नदी किनारे के पांच से सात किलोमीटर की दूरी तक के ब्लॉक दहगवां, सहसवान, उझानी, कादरचौक, उसावां के गांव का चयन किया गया है। इन चयनित ग्राम पंचायतों में सामूहिक बैठक का आयोजन कर जैविक खेती के फायदे व रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी जाएगी।
साथ ही जैविक खेती करने वाले इच्छुक किसानों का समूह गठन किया जाएगा। इसमें किसानों को पंजीकरण किया जाएगा। ऐसे में 20 हेक्टेयर के लिए 20 से 30 किसानों का समूह तैयार कर किसानों को कृषि विशेषज्ञ प्रशिक्षण देकर जैविक खेती की शुरुआत कराई जाएगी। डीएम ने इस काम को अपनी सहमति दी है।