बरेली

Bareilly News: एलायंस ग्रुप के भूमाफिया निदेशकों की बची संपत्ति भी होगी कुर्क

Connect News 24

बरेली। एलायंस बिल्डर्स के भूमाफिया निदेशकों की नई संपत्ति खोजना पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रहा है। फिलहाल, पुलिस ने पहले सील हो चुकी कोठियों पर ही नगाड़ा बजाकर भूमाफिया को चेतावनी दी है। तय अवधि में हाजिर न होने पर उनके खिलाफ नया मुकदमा दर्ज करने के साथ ही कुर्की की जाएगी।

एलायंस बिल्डर्स के भूमाफिया निदेशक डी-गैंग के सरगना रमनदीप सिंह, अमनदीप सिंह, अरविंदर सिंह, हनी कुमार भाटिया व सतवीर सिंह के मॉडल टाउन स्थित आवासों पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने फरारी का नोटिस चस्पा कर धारा 82 की कार्रवाई पूरी की। इस दौरान ढोल बजाकर मुनादी कराई गई। आरोपियों के विरुद्ध यह कार्रवाई सुपर सिटी कॉलोनी मामले में हुई है।

सुपर सिटी रेजिडेंशियल सोसाइटी के महासचिव सुभाष झा ने युवराज सिंह एवं एलायंस बिल्डर्स के अन्य निदेशकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि एलायंस बिल्डर्स ने 40 से ज्यादा परिवारों से रकम लेकर आवासों पर कब्जा दे दिया, लेकिन बैनामा नहीं किए। मामले में कई विवेचक बदले जा चुके थे।

हाल ही में क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर कश्मीर सिंह ने जांच में एलायंस बिल्डर्स के सभी निदेशकों के नाम खोलकर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से गैरजमानती वारंट जारी हुए थे। कोर्ट से समन जारी होने के बाद भी आरोपी हाजिर नहीं हुए। इंस्पेक्टर कश्मीर सिंह ने बताया कि नगाड़ा बजाकर सूचना दी गई है। तय अवधि में आरोपी हाजिर नहीं हुए तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button