Bareilly News: स्कूल के लिए निकली छात्रा लापता, सहेली पर रिपोर्ट
बरेली। किला थाना क्षेत्र की छात्रा स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली, पर लौटकर नहीं आई। छात्रा की मां ने बेटी की इज्जतनगर निवासी सहेली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महिला ने तहरीर देते हुए बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी शुक्रवार को फाॅर्म जमा करने की बात कहकर स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। बेटी के पास उसकी सहेली की कॉल आई, जिसने रास्ते में मिलने के लिए कहा था। बेटी घर नहीं लौटी तो महिला ने उसकी सहेली के घर जाकर पूछताछ की। छात्रा ने जानकारी होने से मना कर दिया।
इसके बाद बेटी की सहेली ने महिला को कॉल की और बताया कि आपकी बेटी ने मेरे बैग में एक पत्र रख दिया है, जिसको आप खुद पढ़ लो। हालांकि काफी प्रयास के बाद भी सहेली ने वह पत्र महिला को नहीं दिया। महिला ने बताया कि घर से जेवर भी गायब हैं, उन्हें बेटी के साथ अनहोनी की आशंका है। बेटी की सहेली पर उसे गायब करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
किशोरी को अगवा करने की रिपोर्ट
सैदपुर हाकिंस क्षेत्र निवासी शख्स ने भी अपनी 15 साल की बेटी को फुसलाकर अगवा करने की रिपोर्ट इज्जतनगर थाने में दर्ज कराई है। क्षेत्र के ही युवक को नामजद कराया गया है।



