बरेली

Bareilly News: पुलों पर रफ्तार, सर्विस लेन पर खा रहे झटके

Connect News 24

बरेली। शहर में यातायात को सुगम बनाने के लिए शानदार पुल बनवाए गए। इनसे काफी हद तक जाम से मुक्ति भी मिली है, लेकिन पुल से नीचे बने सर्विस लेन इतने इतने खराब हैं कि इनमें राहगीर और वाहन चालक झटके खाने को मजबूर हैं। सर्विस लेन की सड़कें चलने लायक नहीं हैं। इन पर तीन से नौ इंच तक के गड्ढे हैं, कुछ स्थानों पर सड़क उखड़ी हुई हैं और जगह-जगह गिट्टी बिखरी पड़ी हैं।

वाहनों से पहियों से गिट्टी उछल कर

गिरती रहती हैं। इनसे आम आदमी से लेकर वीआईपी तक गुजरते हैं। कई महीने से यही हाल है। तीनों सर्विस लेन को जोड़कर अनुमानित आकड़ा निकाला जाए तो हर रोज 50 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। एक दिन में करीब एक लाख से अधिक लोग तकलीफ झेल रहे हैं और जोखिम भरा सफर करने को मजबूर हैं, लेकिन जिम्मेदार नहीं चेत रहे। सवाल यह है कि स्मार्ट सिटी की सर्विस लेन कब स्मार्ट होंगी।

जब तक जिम्मेदार न चेतें संभल कर चलाएं वाहन

श्यामगंज पुल के नीचे : शहर के अधिकतर हिस्सों के लोग अपने काम से श्यामगंज से होकर गुजरते हैं। दिन-रात ट्रैफिक रहता है। रात में कई बार बिजली न होने पर स्ट्रीट लाइट गायब होती हैं। टूटी सड़क से हादसे का खतरा बना रहता है। बारिश के दिनों में पानी भर जाता है तो खतरा बढ़ जाता है। पुल से आगे-पीछे सड़क ठीक है, लेकिन नीचे का हिस्सा बहुत खतरनाक है। जब तक जिम्मेदार नहीं चेत रहे, तब तक यहां वाहन संभल कर चलाने की जरूरत है।

दावा बार-बार सर्विस लेन ठीक नहीं हुई एक बार

चौपुला पुल के नीचे : लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता नारायण सिंह पिछले छह महीने में कई बार बता चुके हैं कि पुल के नीचे की सर्विस लेन वह ठीक कराएंगे, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो सका। यहां गड्ढों से होकर वाहन गुजरते हैं। आसपास के दुकानदार बताते हैं कि यहां राहगीर अक्सर असंतुलित होकर गिर जाते हैं। गड्ढों को भरने में हो रही देरी पर न सिर्फ स्थानीय लोगों में आक्रोश है, बल्कि राहगीर भी व्यवस्था को कोसते रहते हैं।

पुल की मरम्मत पर पांच करोड़ खर्च, सर्विस लेन का इंतजार बरकरार

किला पुल : किलापुल की मरम्मत पर पांच करोड़ रुपये खर्च करने वाले अफसर अब जनता को सर्विस लेन दुरुस्त होने का इंतजार करा रहे हैं। पुल के दोनों ओर की सड़क पर गड्ढे हैं। पुराने शहर की दो लाख से अधिक आबादी इससे प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि पहले तो यही लगता था कि पुल बनते ही सर्विस लेन ठीक हो जाएगी, लेकिन मरम्मत का काम पूरा होने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। अब बारिश आने वाली है, सड़क के गड्ढों में पानी भरेगा तो हादसों का खतरा बढ़ जाएगा।

मिनी बाईपास से किला पुल होते हुए चौपुला पुल के नीचे तक दाहिनी ओर की सड़क पीडब्ल्यूडी के हिस्से में है। बाईं ओर का हिस्सा जल निगम के पास है। जल निगम को सीवर लाइन बिछानी है। पीडब्ल्यूडी ने सिटी स्टेशन के सामने दाहिनी ओर सीसी रोड बनवाई है। अब डामर रोड शेष हिस्से में बनाई जानी है। इसके लिए जल्दी ही काम शुरू होगा। -नारायण सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूूडी

श्यामगंज, किला पुल पीडब्ल्यूडी के सुपुर्द किए जा चुके हैं। चौपुला पुल को बदायूं रोड के पुराने पुल से जोड़ने का काम सेतु निगम कराएगा। इसलिए इसके नीचे सर्विस लेन के बारे में मुझे स्थिति स्पष्ट करने के लिए जानकारी करनी है, क्योंकि बरेली खंड में मेरी नई ज्वाइनिंग है। सर्विस लेन को गड्डा मुक्त करने की जरूरत है। -अरुण कुमार गुप्ता, उप परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button