Bareilly News: तीन दिन से बिजली संकट से जूझ रहे सिरौली के बाशिंदे
सिरौली। नगर सहित क्षेत्र में तीन दिन से लोग बिना बिजली आपूर्ति के परेशान हैं। जिम्मेदार अफसर फोन बंदकर लोगों की समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं। इससे लाेगों में आक्रोश है।
जन्माष्टमी पर नगर की बिजली आपूर्ति बंद करा दी, जिसे बाद में रात्रि 10 बजे चालू कराया। थोड़ी देर बाद आपूर्ति फिर ठप हो गई। इससे जन्माष्टमी का त्योहार बिना बिजली के फीका रहा। शुक्रवार को रामनवमी के जुलूस को लेकर पूरे दिन कस्बे की आपूर्ति बंद रखी। रात को बड़ी लाइन में ब्रेकडाउन में हो गया। शुक्रवार को गई बिजली शनिवार को दिनभर नहीं आई। शनिवार को बारिश में लाइनमैन बड़ी लाइन में फाॅल्ट देखते रहे।
इधर, बिजली कर्मचारियों का कहना है कि अफसरों ने 50 साल पुरानी अलीगंज की जर्जर लाइन को सिरौली की नई लाइन से जुड़वाकर यहां बिजली का संकट पैदा कर दिया है। अलीगंज की लाइन खराब होती है तो सिरौली की आपूर्ति आंवला पुरैना 132 के उपकेंद्र से बंद कर दी जाती है। युवजन सोशल सोसायटी के आलम खान, व्यापार मंडल के संरक्षक डॉक्टर छोटेलाल गुप्ता, इकबाल अंसारी, अफजाल हुसैन, राजकुमार गुप्ता, भग्गू राम भारद्वाज, सोनू रस्तोगी ने सिरौली से अलीगंज की लाइन अलग कराने की मांग की है।



