बरेली

Bareilly News: दौड़ रहे सैकड़ों डग्गामार, चालान सिर्फ 12 का

Connect News 24

फरीदपुर। अवैध वाहन स्टैंड के खिलाफ शुरू हुआ पुलिस का अभियान रस्म अदायगी बनकर रह गया है। कस्बे में पांच अवैध स्टैंड से सैकड़ों डग्गामार वाहनों का संचालन किया जा रहा है। इसके उलट अब तक पुलिस सिर्फ 12 वाहनों का ही चालान कर सकी है।

कस्बे में पुराना भुता रोड, बीसलपुर रोड, फतेहगंज पूर्वी रोड, स्टेशन रोड मोड़ और किशोर चंद्र कन्या इंटर कॉलेज के सामने वाहन संचालकों ने स्टैंड बना लिया है। यहां परमिट वाहनों के साथ बड़ी संख्या में डग्गामार वाहन भी सवारियां भरने के लिए खड़े होते हैं। हाईवे पर सड़क के किनारे वाहनों को खड़ा कर सवारियां भरते हैं। इस वजह से वहां जाम के हालात बने रहते हैं।

यहां होमगार्डों की पिकेट लगाने की व्यवस्था की गई है मगर ज्यादातर समय वह भी नदारद रहते हैं। किशोर चंद्र कन्या इंटर कॉलेज के सामने संचालित स्टैंड की आड़ में अराजक तत्व भी यहां डेरा डाले रहते हैं। आए दिन छेड़खानी की घटनाएं होती हैं। स्टैंड हटाने के लिए कई बार छात्राओं और स्कूल प्रबंधन ने शिकायत की है। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया है। शुक्रवार को स्टैंड पर टेंपो और टाटा मैजिक खड़े थे। यहां पहुंची पुलिस टीम ने 12 वाहनों के चालान कर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली। इन स्टैंड पर वाहन खड़े न हो पाएं इसके लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं बनाई गई है।

12 वाहनों का चालान किया गया है। कस्बे में एक भी स्टैंड पर वसूली नहीं हो रही है। अभियान लगातार जारी रहेगा। – दयाशंकर, इंस्पेक्टर

आंवला में ई-रिक्शा बने जाम की वजह

आंवला। कस्बे में ई-रिक्शा जाम की वजह बने हुए हैं। मुख्य बाजार में भी ई-रिक्शा के ड्राइवर सवारियां बैठाने के लालच में घुस जाते हैं। संकरी गली में आमने-सामने से दो ई-रिक्शा आने की वजह से जाम के हालात बन जाते हैं। ई-रिक्शा से लगने वाले जाम की समस्या को लेकर कई बार व्यापारिक संगठन और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग ज्ञापन सौंप चुके हैं। इसके बाद भी अब तक ई-रिक्शा के रूट तय नहीं किए गए हैं।

व्यापारी नेता अजय खंडेलवाल, वरूण अग्रवाल, सोनी तारिक, मशकूर खान, इकबाल अंसारी ने बताया ई-रिक्शा की वजह से लगने वाले जाम से व्यापार प्रभावित हो रहा है। नवनिर्वाचित चेयरमैन आबिद अली ने बताया कि जाम की समस्या खत्म करने के लिए जल्द व्यवस्था बनाई जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button