Bareilly News: बिल्सी में अधिक कीमत पर बियर बेचते पकड़ा सेल्समैन, रिपोर्ट दर्ज
बदायूं। बिल्सी कस्बे में शराब की दुकान पर ओवररेटिंग का मामला पकड़ा गया। इसकी तमाम शिकायतें मिल रही थी। बृहस्पतिवार को आबकारी निरीक्षक ने एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर भेजा। सेल्समैन ने 140 रुपये की बियर 150 रुपये में दी। इससे उन्होंने सेल्समैन के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।
आबकारी निरीक्षक चमन सिंह के अनुसार बिल्सी में बाईपास पर बियर की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम दुकान पर मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव रफीनगर निवासी देवेंद्र सेल्समैन बैठा हुआ था। उन्हाेंने गोपनीय रूप से जांच कराई। उन्होंने एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा। उनके कर्मचारी ने 200 रुपये का नोट निकालकर सेल्समैन को दिया। इस पर सेल्समैन ने बियर की बोतल निकाल कर दी।
उसने 200 रुपये में से कर्मचारी को 50 रुपये का नोट लौटाकर दिया, जबकि बियर पर 140 रुपये मूल्य पड़ा था। उसने दस रुपये अधिक लेकर बियर की बिक्री की। तभी वह मौके पर पहुंच गए। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि यह ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी है। सेल्समैन एक सोची समझी साजिश के तहत बियर को ओवररेट में बेच रहा था। उन्होंने थाने पहुंचकर सेल्समैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।



