Bareilly News: नसीर की हत्या का आरोपी सराफ गोल्डन दोस्त समेत गिरफ्तार
बरेली। चिकन रोल को बेस्वाद बताकर कारीगर की गोली मारकर हत्या करने वाले सराफ मयंक रस्तोगी उर्फ गोल्डन बाबा और उसके दोस्त तामीज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लाइसेंसी रिवाल्वर, 32 बोर का तमंचा, मोबाइल और नौ हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के प्रियदर्शनी नगर में बीडीए ऑफिस के पास एकतानगर निवासी अंकुर सब्बरवाल का पंजाबी कबाब कार्नर है। बुधवार रात 10:30 बजे के बाद ग्रे रंग की इनोवा कार से किला थाना क्षेत्र के बड़ी बमनपुरी निवासी मयंक रस्तोगी उर्फ गोल्डन बाबा अपने दोस्त गढ़ैय्या निवासी तामीज के साथ नशे की हालत में वहां चिकन रोल खाने पहुंचे थे। बाद में उसे बेस्वाद बताते हुए मयंक और तामीज ने झगड़ा शुरू कर दिया। दोनों कबाब कारीगर नसीर को गालियां देने लगे। बात बढ़ने पर मयंक ने लाइसेंसी रिवाल्वर से नसीर की कनपटी पर गोली मार दी। अंकुर सब्बरवाल की ओर से प्रेमनगर थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबर के जरिये पुलिस 12 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंच गई। हत्याकांड में मयंक रस्तोगी और उसके दोस्त तामीज का नाम प्रकाश में आया। बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे आरोपियों को पुलिस लाइन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। अंकुर के पास से बरामद रिवाल्वर का लाइसेंस किसके नाम है, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई करेगी।
वर्जन
सीसीटीवी फुटेज और कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर, 32 बोर का तमंचा भी बरामद किया गया है। – राहुल भाटी, एसपी सिटी



