Bareilly News: शोहदे ने इंस्टाग्राम पर अपलोड किए छात्रा के आपत्तिजनक फोटो
बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में किराये पर रह रहे गोंडा के मजदूर ने छात्रा से छेड़खानी कर दी। छात्रा के पिता ने शिकायत की तो उसने छात्रा के फोटो आपत्तिजनक बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिए। एसएसपी के निर्देश पर सीबीगंज थाना में मजदूर और ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
क्षेत्र के गांव की पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी पत्नी नहीं रहीं। नाबालिग बेटी उनके साथ रहती है। छह माह पहले परसाखेड़ा का ठेकेदार शिवपूजन गोंडा जिले के ऊमरी बेगमगंज निवासी मुरली को सोया फैक्टरी में मजदूरी के लिए बरेली लाया था। दोनों ही सीबीगंज में किराये के मकान में रहते हैं। उनकी बेटी जब स्कूल जाती थी, तो मुरली उससे छेड़खानी करता था। बेटी ने इस बारे में बताया तो उन्होंने थाने में तहरीर दी। सीबीगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई न करके दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।
कुछ दिन तक मुरली शांत रहा। अब उसने फिर से छेड़खानी शुरू कर दी है। छात्रा को बदनाम करने के लिए आरोपी ने इंस्टाग्राम पर उसके फोटो एडिट करके अपलोड कर दिए। यह फोटो जब उनकी बेटी ने देखे तो वह सदमे में आ गई। उन्हें डर है कि कहीं उनकी बेटी कोई गलत कदम न उठा ले। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शोहदों ने छात्रा पर की टिप्पणी, विरोध में भाई को पीटा
बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी किशोरी पर शोहदों ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। किशोरी के भाई ने विरोध किया तो उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। प्रेमनगर थाने में तहरीर दी है।
किशोरी ने बताया कि वह घर के दरवाजे पर खड़ी थी, तभी मोहल्ले के चार युवक उस पर टिप्पणी करने लगे। उसके भाई ने विरोध किया तो उन्होंने उस पर हमला कर दिया और मां के साथ अभद्रता की। यह शोहदे अक्सर उसके घर के बाहर खड़े रहते हैं और कोचिंग जाते समय रास्ते में पीछा करते हैं। किशोरी ने प्रेमनगर थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो



