Bareilly News: पटाखा गोदामों में जरूरत से ज्यादा बारूद
बरेली। हाईकोर्ट के आदेश से लाइसेंस बचाने में सफल हुए थोक आतिशबाजी विक्रेता अब त्योहार के दिनों में जरूरत से ज्यादा माल स्टॉक करने में जुटे हैं। सूचना के बाद सीएफओ ने निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है। सौफुटा रोड पर करीब 14 और मिनी बाइपास पर पांच समेत आतिशबाजी की कुल 19 थोक दुकानें हैं।
दिनभर व्यस्त रहने वाले रोड व आबादी के बीच खुली इन दुकानों को लेकर पहले ही सवाल उठते रहे हैं। शुरू में इन्हें दूसरी जगह शिफ्ट करने का भी प्लान बनाया गया, पर अफसरों की लेटलतीफी व अन्य वजहों से यह दुकानदार कोर्ट जाकर स्टे ले आए। अब ये हर साल रिन्युवल भी करा ले रहे हैं।
इस बीच अधिकारियों के पास शिकायतें पहुंच रही हैं कि कुछ दुकानदारों ने आतिशबाजी का ज्यादा स्टॉक कर लिया है। अधिकांश दुकानें आसपास हैं, जिनमें मामूली सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में सीएफओ चंद्रमोहन शर्मा ने टीम के साथ सौफुटा रोड व मिनी बाईपास की कुछ दुकानों को चेक किया। ज्यादा भंडारण के संदेह वाले दुकानदारों को चेतावनी देकर वह लौट आए।
सीबीगंज और सुभाषनगर पटाखा बाजार पर संशय
सीबीगंज में थाने से थोड़ा आगे पटाखा बाजार को लेकर अग्निशमन विभाग ने एनओसी दे दी थी, पर स्थानीय लोगों ने उसका विरोध कर दिया था। इसके अलावा सुभाषनगर रेलवे ग्राउंड में पटाखा बाजार की एनओसी समुचित निकास प्रबंध न होने की वजह से रोकी गई है। शनिवार को सीएफओ ने इन स्थानों पर निरीक्षण करके भी व्यवस्था देखी।
दर्जनभर जगह लगेंगे बाजार
10 से 12 नवंबर तक तीन दिन अस्थायी पटाखा बाजार लगाने की अनुमति दी जा रही है। अब तक करीब छह स्थानों की अनुमति हो चुकी है और बाकी की प्रक्रिया चल रही है। इन दुकानों के लिए भी भंडारण की सीमा तय की गई है, पर लगभग सभी जगह दुकानदार ज्यादा आतिशबाजी भंडारण का मन बनाकर थोक खरीदारी कर रहे हैं।
भरपूर सुरक्षा इंतजाम
स्थायी दुकानों के साथ ही संबंधित स्थानों के पटाखा बाजारों को लेकर अग्निशमन के सुरक्षा बंदोबस्त अभी से पुख्ता किए जा रहे हैं। कहीं बड़ी गाड़ी तो कहीं बाइक पर पंप की व्यवस्था करके स्टाफ को तैनात किया जाएगा। संबंधित आयोजकों से भी पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा जा रहा है। जहां ज्यादा आतिशबाजी भंडारण मिला, संबंधित दुकानदार या मालिक पर कार्रवाई की जाएगी। – चंद्रमोहन शर्मा, सीएफओ



