Bareilly News: सिरौली में निकाली श्रीराम बरात, आरती उतार कर किया स्वागत
सिरौली। कस्बे में भगवान श्रीराम की बरात धूमधाम से निकाली गई। नगरवासियों ने आरती उतारकर और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कस्बे में रामलीला चल रही है। तीसरे दिन धनुष यज्ञ लीला का मंचन किया गया। गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्रीराम ने धनुष तोड़ दिया। इसके बाद सीता ने राम के गले में जयमाला डाल दी। सोमवार को बड़े ही धूमधाम के साथ श्रीराम की बरात निकाली गई। रामबरात साहूकारा लीला मंदिर से शुरू हुई और मुख्य बाजार, पांडान, ठाकरान, सराय, कोआटोला, सईदान, मुख्य अड्डे से होकर पुन: रामलीला स्थल पर आई। घोड़ों पर सवार श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के स्वरूपों के साथ गुरु वशिष्ठ, महर्षि विश्वमित्र, राजा दशरथ आदि की झांकियां लुभा रही थीं। महिलाओं ने घर से निकल कर बरात का फूल बरसाकर स्वागत किया। कमेटी अध्यक्ष निगम गुप्ता, महक गुप्ता, राजीव गुप्ता, अर्पित गुप्ता, विदित, सौरभ आदि उपस्थित रहे। संवाद
शाही में रामबरात की झांकियों पर फूल बरसाए
शाही। रामलीला मेला के चौथे दिन राम सोमवार को रामबरात निकाली गई। रामलीला स्थल से शुरू होकर रामबरात गांधीनगर, सुभाषनगर, ठाकुरद्वारा, नेहरूनगर में भ्रमण करती हुई रामलीला स्थल आकर रुकी। लोगों ने राम, लक्ष्मण, विश्वामित्र, शंकर-पार्वती की झांकियों के दर्शन किए। पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। मेला अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह, प्रिया रस्तोगी, मुकेश रस्तोगी, हिंदू जागरण मंच के सुशील कुमार शर्मा, नितिन गुप्ता, राहुल शर्मा, गुरुदेव शर्मा, विनोद चंद्रा आदि मौजूद रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष वीरपाल मौर्य ने रामबरात का स्वागत किया। संवाद



