बरेली

Bareilly News: छका रहे स्मैक तस्कर, रिमांड से पुलिस लौट रही खाली हाथ

Connect News 24

संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

Updated Tue, 05 Dec 2023 01:13 AM IST

बरेली। मादक पदार्थ तस्करों की रिमांड लेने के बाद भी उन पर कोई बरामदगी न दिखाने को पहले पुलिस की सेटिंग से जोड़कर देखा जाता था। अब तस्करों की अति सक्रियता और कोर्ट के आदेश पर हो रही वीडियोग्राफी से पुलिस पस्त नजर आ रही है। नन्हे लंगड़ा की दो बार रिमांड लेने के बाद भी पुलिस उससे कुछ बरामदगी न कर सकी, अब फतेहगंज पश्चिमी थाने की पुलिस ने कोर्ट में उसकी रिमांड को अर्जी लगाई है। कोर्ट ने मंगलवार को पत्रावली तलब की है।

रिमांड के मामले में चर्चित तस्कर शाहिद उर्फ कल्लू डॉन, तौफीक व सलमान पुलिस को पहले ही छका चुके हैं। कल्लू डॉन से जुड़ा मामला ताजा ही है। भुता थाने से संबंधित बरामदगी के मामले में विवेचक अफसार अली ने कल्लू डॉन को दोस्ती निभाते हुए बिना किसी रिमांड के ही दाखिल कर दिया था। इस मामले में दरोगा की लापरवाही और मिलीभगत साफतौर पर उजागर हुई तो उन्हें हटाकर दूसरे दरोगा को विवेचना दी गई। दरोगा ने रिमांड के लिए आवेदन किया तो रिमांड में भी कुछ हासिल न कर सके। इस बीच कल्लू के मोबाइल को ट्रेस करने के बाद तीन पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने निलंबित कर दिया था।

अब फरीदपुर पुलिस के साथ ऐसा ही इत्तेफाक हुआ है। पुलिस ने नन्हे लंगड़ा की दो बार रिमांड ली, पर कुछ भी बरामदगी न कर सकी। फतेहगंज पश्चिमी थाने में भी नन्हे के खिलाफ एक मामला चल रहा है। पुलिस चाहती है कि यहीं से कुछ बरामदगी हो जाए तो नन्हे के खिलाफ केस मजबूत हो सके। हालांकि इसकी अनुमति मिलेगी और रिमांड के दौरान सफलता मिलेगी, यह कोर्ट में मंगलवार को होने वाली कार्रवाई पर निर्भर करेगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button