Bareilly News: समाधान दिवस से अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
नवाबगंज। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस से शनिवार को कई अधिकारी बिना सूचना के अनुपस्थित रहे। डीएम ने इन अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए हैं। सबसे अधिक शिकायतों वाले ईधजागीर समेत अन्य गांवों में डीएम ने चौपाल लगाने के लिए कहा।
डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बरसिया गांव के अभिषेक सिंह ने विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया। कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों का चयन किया गया है। डीएम ने बीडीओ से मामले की जांच कराने के लिए कहा। रूपपुर गांव के ग्राम प्रधान नाजिम अली ने मेडिकल की आड़ में गर्भपात कराने का आरोप एक व्यक्ति पर लगाया। आरोप है कि शिकायत के बाद भी सांठगांठ की वजह से औषधि निरीक्षक ने कार्रवाई नहीं की। भाकियू के जिला प्रभारी चंद्र प्रकाश गंगवार ने गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाया।
घटिया निर्माण सामग्री से हो रहा निर्माण, कार्रवाई के निर्देश
डीएम रविंद्र कुमार अधकटा नजराना गांव में बनाए जा रहे अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे। 70 करोड़ की लागत से बन रहे विद्यालय के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग होने को लेकर उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए। तय समय में निर्माण पूरा करने के लिए कहा। एक्सईएन ने बताया कि करीब 70 प्रतिशत तक काम हो गया है।दिसंबर 2023 तक काम पूरा करने का लक्ष्य है। रिछोला गांव के पास उन्होंने पटाखा गोदाम का निरीक्षण किया। गोशाला पहुंचे डीएम ने ग्राम पंचायत की ओर से पांच एकड़ भूमि चारा उगाने के लिए उपलब्ध कराने को कहा। मंडी में उन्होंने किसानों से संपर्क कर धान खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए।
विधवा पेंशन के लिए पांच साल से भटक रहीं शरवती
फरीदपुर। भुता ब्लॉक के महोलिया जलालपुर गांव निवासी शरवती बंद हुई विधवा पेंशन चालू कराने के लिए पांच साल से अधिकारियों के चक्कर काट रहीं हैं। अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
शनिवार को वह फरीदपुर तहसील सभागार में एडीएम प्रशासन दिनेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं। प्रार्थना पत्र देकर पेंशन दिलाने की गुहार लगाई। शरवती ने बताया कि एक जनवरी 2019 से उनकी विधवा पेंशन कोई कारण बताए बिना ही बंद कर दी गई। एडीएम प्रशासन ने संबंधित विभाग को जांच कर विधवा पेंशन शुरू करने के निर्देश दिए। यहां कुल 37 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से दो शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हुआ। एसडीएम फरीदपुर निधि डोंडवाल, सीओ गौरव सिंह, बीडीओ भुता विजय मणि त्रिपाठी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ नितिन कुमार गंगवार आदि मौजूद रहे। संवाद
मीरगंज में दो बहेड़ी में सात शिकायतों का ही मौके पर निस्ताण
मीरगंज/बहेड़ी। मीरगंज तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी देश दीपक सिंह और तहसीलदार भानुप्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 33 शिकायतें पंजीकृत हुईं। इनमें से दो का ही मौके पर ही निस्तारण हुआ। सबसे अधिक शिकायतें जमीन पर अवैध कब्जे की आईं। बहेड़ी में एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 50 में से सात शिकायतों का ही मौके पर ही निस्तारण हुआ। श्मशान भूमि पर कब्जा, नदेली रोड पर अतिक्रमण, फरीदपुर मार्ग से डग्गामार बस अड्डा हटाने और केसर चीनी मिल के छह खरीद केंद्र दूसरी चीनी मिल को देने का मुद्दा उठाया गया। केसर चीनी मिल की चिमनी से निकलने वाली राख का मुद्दा भी अधिकारियों के सामने रखा गया। संवाद
तय समय में हो शिकायतों का निस्तारण
आंवला। तहसील सभागार कक्ष में शिकायतें सुनते समय सीडीओ जगप्रवेश ने तय समय में सभी शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए। यहां आईं 63 शिकायतों में से दो ही मौके पर निस्तारित हुईं। सीडीओ ने निर्माणाधीन गोशालाओं का कार्य समय से पूरा करने और पशुओं को हरे चारे की उपलब्धता बनाए रखने के भी निर्देश दिए। ज्यादातर शिकायतें राजस्व विभाग, आपूर्ति विभाग, बिजली निगम व शिक्षा विभाग से संबंधित आईं। एसडीएम गोविंद मौर्य, तहसीलदार आर्चि गुप्ता, नायब तहसीलदार राजकुमार सिन्हा आदि मौजूद रहे। संवाद



