Bareilly News: धर्मशाला खाली कराने को लेकर कालीबाड़ी में दो पक्षों के बीच पथराव
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी में शनिवार रात धर्मशाला खाली कराने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। इसमें पांच लोग घायल हुए हैं। तीन लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई तो थाने के भीतर भी दोनों पक्ष भिड़ गए। देर रात एक पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
कालीबाड़ी में एक मंदिर के पास धर्मशाला है। मोहल्ले और समाज के लोग विभिन्न निजी आयोजनों में इसका इस्तेमाल करते हैं। एक साल पहले मोहल्ले की चमेली ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपने मकान का निर्माण शुरू कराया था। इस दौरान मोहल्ले के लोगों के अनुरोध पर चमेली देवी को परिवार के साथ धर्मशाला में रहने की अनुमति दे दी गई थी। तब से चमेली देवी अपनी बेटी बेबी, रीता समेत परिवार के साथ धर्मशाला में रहती हैं। मकान का निर्माण पूरा होने के बाद उन्होंने धर्मशाला खाली कराने को कई बार कहा, लेकिन चमेली देवी ने धर्मशाला खाली नहीं किया। शनिवार देर शाम मोहल्ले के लोगों को सूचना मिली कि धर्मशाला में असमाजिक तत्व जुटे हैं।
अभाविप के महानगर सहमंत्री अनिकेत शर्मा, मोहल्ले के प्रशांत राणा, पप्पू राणा के साथ धर्मशाला पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के बीच धर्मशाला खाली करने को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और ईंट-पत्थर चलने लगे। पथराव में प्रशांत, पप्पू, लक्ष्मी और बबली घायल हो गए। बारादरी पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। इन लोगों के बीच थाने में भी झड़प हो गई।
अभाविप नेता अनिकेत शर्मा का कहना है कि धर्मशाला में काफी समय से असमाजिक तत्व जुट रहे हैं। पथराव में घायल हुए प्रशांत राणा की मां सुमित्रा देवी ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर बारादरी अभिषेक सिंह का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी कई बार हो चुका विवाद
धर्मशाला खाली कराने को लेकर कालीबाड़ी में पहले भी विवाद हो चुका है। हालांकि, बात पथराव तक नहीं पहुंची थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार रात विवाद के दौरान कुछ लोग शराब के नशे में थे। इसी कारण बात बढ़ गई और पथराव तक पहुंच गई। इंस्पेक्टर बारादरी अभिषेक सिंह ने भी स्वीकार किया कि हंगामा और पथराव करने वालों में कुछ लोग नशे की हालत में थे। इनकी पहचान की जा रही है।


