बरेली

Bareilly News: निलंबित दरोगा पहुंच गया पीड़ित को धमकाने, कप्तान ने कराई रिपोर्ट

Connect News 24

बरेली। खाते में रिश्वत मांगने के मामले में निलंबित अलीगंज थाने का दरोगा नशे की हालत में पीड़ित के घर धमकाने पहुंच गया। पीड़ित ने उसका वीडियो बनाकर एसएसपी से शिकायत कर दी। एसएसपी के आदेश पर दरोगा व दूसरे पक्ष की महिला समेत दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।

महिला आयोग और मानवाधिकार आयोग में बेटी के नाम से की गई फर्जी शिकायतें दबाने के नाम पर अलीगंज थाने के दरोगा राजकुमार सिंह ने ग्रामीण से 30 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। इसके लिए अपना बैंक खाता नंबर भी दिया था। सोमवार को जनसुनवाई के दौरान एसएसपी के सामने पीड़ित पेश हुआ तो वह भी इस स्थिति पर चौंक गए। दरोगा राजकुमार का ऑनलाइन ही पीड़ित से सामना कराया तो वह जवाब नहीं दे सका। एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर जांच सीओ बहेड़ी को सौंप दी थी।

अब पीड़ित किसान ने एसएसपी को बताया कि निलंबन की जानकारी मिलने पर रात में दरोगा नशे की हालत में उसके घर पहुंच गया। कुंडी खटखटाकर गाली-गलौज की। उन्होंने दरोगा का वीडियो बना लिया। साथ ही एसओ अलीगंज अजय शुक्ला से शिकायत की। एसओ अजय शुक्ला ने कॉल की तो दरोगा दरवाजे से ही लौट गया।

ग्रामीण के मुताबिक एसओ ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। उनकी बेटी को ले जाने के आरोपी की मां ने उन्हें रास्ते में रोककर धमकाया कि उन्हें दुष्कर्म के मामले में फंसा देगी। बताया कि पुलिस व दरोगा भी उसके ही पक्ष में हैं। पीड़ित ने सुरक्षा व कार्रवाई की मांग की है।

वर्जन

दरोगा को निलंबित किया गया था। उन्हें कायदे में अपनी सफाई जांच अधिकारी के सामने देनी चाहिए थी। पीड़ित के घर जाना गलत था। इसलिए रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्देश दिया है। – घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button