बरेली

Bareilly News: विश्वविद्यालय का घेराव कर शिक्षकों ने की नारेबाजी

Connect News 24

बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने बृहस्पतिवार को शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। रविवार और शीतकालीन अवकाश में सेमेस्टर परीक्षाएं कराने के विरोध में शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी की। दोपहर से लेकर शाम तक चली कवायद के बाद कुलपति से शिक्षकों की मुलाकात हो सकी। कुलपति ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।

सुबह 10 बजे से ही परिसर में शिक्षक जुटने लगे थे। दोपहर में परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव की मांग को लेकर शिक्षकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार को भी शिक्षकों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। वह शिक्षकों को समझाने में असफल रहे। इधर, शिक्षक कुलपति से मुलाकात करने की बात पर डटे रहे। दो घंटे इंतजार के बाद शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की कुलपति से मुलाकात हो सकी। वहां भी उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला। इस दौरान रूटा के अध्यक्ष प्रो. मुकेश कुमार, गजेंद्र पाल सिंह, रुचि गुप्ता, अनीता सिंह, एमपी सिंह उपस्थित रहे।

नहीं उठा सके छात्र हित का मुद्दा

परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद शिक्षकों की ओर से पाठ्यक्रम अधूरा होने की बात भी कही जा रही थी पर बृहस्पतिवार को प्रदर्शन के दौरान कोई भी शिक्षक कुलपति के समक्ष इस मामले को उठाने की हिम्मत नहीं दिखा सका। प्रो. वीपी सिंह ने बताया कि छात्रों की समस्या को परीक्षा नियंत्रक के समक्ष रखा गया था। उन्होंने शासन के निर्देशों का हवाला दिया था।

वर्जन

परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव की मांग को लेकर शिक्षक विश्वविद्यालय आए थे। कुलपति ने शिक्षक संघ की मांगों पर विचार करने की बात कही है। – डॉ. अमित सिंह, मीडिया प्रभारी, रुहेलखंड विश्वविद्यालय

प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति से मुलाकात की है। उन्होंने परीक्षा नियंत्रक से कहा है कि शिक्षकों की छुट्टी समाप्त नहीं होनी चाहिए। परीक्षाओं को अन्य तिथि में शिफ्ट किया जाए। – प्रो. स्वदेश सिंह, महामंत्री, रूटा


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button