बरेली

Bareilly News: पहले दिन ही बेअसर रही ई-रिक्शा पर पाबंदी, अब आज से सख्ती का दावा

Connect News 24

बरेली। जाम से बचने के लिए शहर के विभिन्न मार्गों पर ई-रिक्शा संचालन पर लगा प्रतिबंध पहले दिन ही बेअसर रहा। ई-रिक्शा व ऑटो यूनियन के विरोध को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती नहीं की। यूनियन ने चौकी चौराहा पर आवागमन प्रतिबंधित न करने की मांग की है। इसी को देखते हुए अब बड़ा बाजार, कुतुबखाना समेत अन्य इलाकों में मंगलवार से प्रतिबंध लागू होगा।

वहीं चौकी चौराहा को लेकर अब ट्रैफिक पुलिस नए सिरे से अन्य पहलुओं पर विचार करेगी। इस पर यूनियन भी राजी हो गई है। जनसेवा ई-रिक्शा ऑटो यूनियन अध्यक्ष मंजीत सिंह बिट्टू का कहना है कि किला क्रॉसिंग, कुतुबखाना इलाकों में ई-रिक्शा का संचालन रोका जाएगा। क्योंकि ई-रिक्शा व ऑटो के आवागमन से बड़ा बाजार और कुतुबखाना चौराहा पर जाम की समस्या हो जाती है। जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस इन इलाकों में जब तक कोई नई व्यवस्था नहीं बनाती, तब तक प्रतिबंध लागू रहेगा। यूनियन ने चौकी चौराहा पर प्रतिबंध का विरोध इसलिए किया है क्योंकि यह चौराहा शहर के अधिकांश इलाकों को जोड़ता है।

तीन महीने से चल रही कवायद

शहर में जाम की समस्या खत्म करने के लिए तीन माह से कवायद चल रही है, लेकिन गतिरोध के कारण कोई व्यवस्था लागू नहीं हो पा रही। पहले छह रूटों पर कलर कोडिंग से ई-रिक्शा संचालन की योजना पर काम शुरू किया गया था, लेकिन खींचतान के कारण यह नियम लागू नहीं हो सका। इसके बाद कुछ दिन पहले व्यस्त इलाकों में ई-रिक्शा के आवागमन पर पाबंदी को लेकर जनसेवा ई-रिक्शा, ऑटो यूनियन से वार्ता हुई। ट्रैफिक पुलिस ने इसके बाद ही सोमवार से विभिन्न रूट पर प्रतिबंध लागू किया था, लेकिन चौकी चौराहे को लेकर विरोध के कारण अब मंगलवार से अन्य रूट पर सख्ती का दावा है।


वर्जन

चौकी चौराहा इलाके को लेकर फिर से होमवर्क किया जाएगा। अन्य इलाकों में ई-रिक्शा, ऑटो के आवागमन पर मंगलवार से सख्ती की जाएगी। यूनियन ने भी इस पर सहमति जता दी है।-राम मोहन सिंह, एसपी ट्रैफिक


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button