Bareilly News: बजट तो मंजूर हो गया पर अभी सड़क के गड्ढों में खाने होंगे हिचकोले

कलीनगर- शाहगढ की खस्ताहाल सड़क पर गड्ढे में भरा पानी । संवाद
पीलीभीत। माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग से कलीनगर होते हुए शाहगढ़ तक जाने वाले मार्ग के लिए शासन ने 43 करोड़ का बजट मंजूर कर दिया है। इस रकम से सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। हालांकि अभी करीब चार महीने लोगों को गड्ढों में हिचकोले खाने होंगे। खस्ताहाल सड़क से ही होकर गुजरना होगा। टेंडर प्रक्रिया में ही करीब दो-तीन माह लगने की बात कही जा रही है।
बता दें कि 28 मार्च को अमर उजाला ने इस सड़क की बदहाल स्थिति और प्रस्ताव शासन स्तर पर अटकने को लेकर विस्तृत खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने शासन स्तर पर दमदार पैरवी की तो बजट मंजूर हो गया। करीब 12 गावों को तहसील कलीनगर मुख्यालय से जोड़ने वाली यह सड़क पूरनपुर हाईवे से मिलती है।
मौजूदा समय में सड़क की हालत बेहद दयनीय है। सड़क पर गांव चांदूपुर से आगे तक गहरे गड्ढे हैं। इन दिनों बारिश में तो लोगों को पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। सड़क के निर्माण के लिए पिछले साल लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब 44 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था, लेकिन शासन स्तर पर अटक गया।
लोक निर्माण विभाग ने पैरवी की तो एक दिन पहले ही शासन ने सड़क के लिए 43 करोड़ रुपये से अधिक का बजट मंजूर कर दिया। इससे क्षेत्र के लेागों में खुशी है। हालांकि लोगों को अभी करीब चार माह इंतजार करना होगा। सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया में ही दो-तीन माह लगने की बात कही जा रही है।
00
अभी शासनादेश नहीं मिल सका है। बजट मंजूर कर दिया गया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सड़क निर्माण शुरू होने में कम से कम चार महीने का समय लगेगा। – उदय नरायन, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग

कलीनगर- शाहगढ की खस्ताहाल सड़क पर गड्ढे में भरा पानी । संवाद



