Budaun News: संदिग्ध हालात में महिला की मौत, हत्या का आरोप

पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी देती मृतक महिला की बेटी।
बेटी बोली- पिता ने दर्द की गोली लेने भेजा, लौटकर आई तो हो चुकी थी मां की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
कादरचौक (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव पसेई में बुधवार रात 40 वर्षीय मीरा की मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है तो वहीं उसकी बेटी का कहना है कि रात करीब नौ बजे पिता ने उसे पड़ाेस में दुकान पर दर्द की गोली लेने भेजा था। जब वह लौटकर आई तब तक उसकी मां की मौत हो चुकी थी।
उसावां थाना क्षेत्र के गांव रतेनगला निवासी मीरा की शादी करीब पंद्रह साल पहले पसेई गांव के राजवीर यादव के साथ हुई थी। उसके मायके वालों के अनुसार राजवीर के बड़े भाई की कई साल पहले मौत हो चुकी है। तब से उसकी पत्नी भी साथ रहती है। राजवीर के तीन बच्चे हैं, जिसमें दो बच्चे उसकी भाभी से हैं। एक लड़की 12 साल की रोशनी मीरा से है।
रोशनी ने बताया कि रात करीब नौ बजे उसके पिता ने उसे दुकान से दर्द की गोली लाने को भेजा था। पिता ने कहा था कि उसकी मां के सीने में दर्द हो रहा है। इससे वह दुकान पर चली गई लेकिन कुछ देर बाद घर लौटी तब तक उसकी मां की मौत हो चुकी थी। उसकी चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के तमाम लोग आ गए।
उनकी सूचना पर रात में ही मीरा के मायके वाले पसेई गांव पहुंच गए। फिर उन्होंने पुलिस को भी बुला लिया। जिससे पुलिस ने रात में ही महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बृहस्पतिवार दोपहर उसके शव का वीडियोग्राफी कराते हुए पोस्टमार्टम कराया गया। एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। वह इस संबंध में डॉक्टरों से बात कर आगे की कार्रवाई कराएंगे।