Bareilly News: बैल ने मजदूर को मारा सींग, फटा पेट
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sat, 15 Jul 2023 01:36 AM IST
फरीदपुर। घर से बाहर गली में जा रहे मजदूर को पड़ोसी के बैल ने मार दिया। इस कारण मजदूर का पेट फट गया। घायल हालत में परिवार वाले उसे तत्काल कुआंडांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए जहां से डाक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। मजदूर का बरेली के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। शिकायत करने पर नाराज आरोपी पड़ोसी पीड़ित परिवार से झगड़ा करने लगा।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव बड़रा कासिमपुर निवासी द्वारिका प्रसाद (45) मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है। द्वारका प्रसाद बृहस्पतिवार देर शाम घर से निकलकर गली में पहुंचे। इसी दौरान वहां से उनका पड़ोसी अपने दो बैलों के साथ गुजरा। तभी एक बैल ने द्वारिका प्रसाद को सींग मार दिया। सींग लगने से उनका पेट फट गया। पेट फटने से आंतें बाहर निकलने लगी। परिजनों ने तत्काल पेट पर गमछा बांध दिया। परिजन घायल को कुआंडांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए तत्काल बरेली के लिए रेफर कर दिया। घायल मजदूर को बरेली में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार ने आरोपी बैल वाले से शिकायत की तो वह झगड़ने लगा।



