Bareilly News: हत्यारे छोड़ गए दरिंदगी के निशान… जिसने भी शव देखा समझ गया पूरी कहानी
शाही (बरेली)। महिला के हत्यारे वारदात को अंजाम देकर भले ही फरार हो गए, लेकिन घटनास्थल पर दरिंदगी के निशान छोड़ गए हैं। जिस भी शख्स ने शव की स्थिति देखी, वह बर्बरता से पहले की पूरी कहानी समझ गया। झाड़ियों में मिले संघर्ष के निशान भी इसकी पुष्टि करते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो महिला का शव घास की गठरी के ऊपर पेट के बल पड़ा था। कपड़े अस्त-व्यस्त थे। गले में उसी की साड़ी का फंदा कसा था। ब्लाउज का एक हिस्सा उतरा था। मौके पर बिछी और टूटी हुई झाड़ियों में चूड़ियों के टुकड़े पड़े थे।
परिवार के लोग शव झाड़ियों से निकालकर खुले स्थान पर लाए। तब पता चला कि कि बायां हाथ टूटा है। निजी अंग पर खरोंच और पेट पर चोट के निशान मिले। जीभ निकली हुई थी। नाक और मुंह से खून निकल रहा था। पति ने बताया कि खड़ुआ, नथुनी और कुंडल गायब हैं।
संदिग्ध वस्तुएं बता रहीं नशा करने के बाद हुई वारदात
घटनास्थल के पास पुलिस को शराब के पौव्वे, पानी की बोतल, तीन गिलास, आधा खाया हुआ समोसा, चटनी की प्लेट और नमकीन के दाने पड़े मिले। पास में ही चरस से भरी माचिस की डिब्बी भी मिली। दो इस्तेमाल हुए कंडोम भी पड़े थे।
महिला के पति ने बताया कि सुबह मिर्च तोड़ते समय पड़ोसी गांव के कुछ लोग सुल्फा पीने के इरादे से काफी देर तक वहीं बैठे रहे। वह मिर्च का कट्टा लेकर बाजार चला गया। वह लोग तब भी वहां बैठे थे। उसके बाद की जानकारी नहीं कि वे कहां गए? क्या किया?
पति और बच्चे बेहाल
महिला के दो बेटे व दो बेटी हैं। सभी बच्चे खेत में माता-पिता का हाथ बंटाते हैं। घटना के बाद पति और बच्चे बेहाल हैं।
ये सीरियल किलर है… या कोई नया गिरोह पनपा
शाही थाने से 10 किलोमीटर के दायरे में 35 दिन के भीतर तीन महिलाओं की हत्या हो चुकी है। पुलिस ने न तो पहली घटना को गंभीरता से लिया था, न ही दूसरी को। अब तीसरी हत्या उन्हीं तौर तरीकों से होने के बाद स्थानीय लोगों में डर जरूर बैठ गया है। चर्चा होने लगी है कि हत्यारा सीरियल किलर है या फिर कोई नया गिरोह पनपा है जो खेत गई अकेली महिला को शिकार बना रहा है।
35 दिन में हुईं वारदातें
19 जून को कुल्छा गांव की महिला की हत्या गन्ने के खेत में कर दी गई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छोड़ दी और रिपोर्ट नहीं लिखी। लंबी पैरवी के बाद परिजनों की तहरीर पर एक महीने बाद हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
30 जून को आनंदपुर गांव में खेत में गई महिला की इसी तरह से हत्या कर दी गई। अब इस गांव में खेत से घर लौट रही महिला की हत्या की गई है। तीनों मामलों के अलावा ढाई माह पहले पांच मई को परतापुर गांव की महिला के साथ हुई घटना भी चर्चा का विषय बनी है। उस महिला का शव भी खेत पर मिला और शरीर से जेवर गायब थे। हालांकि परिवार ने पुलिस से शिकायत न करके शव का खामोशी से अंतिम संस्कार कर दिया था।
वारदातों में ये है समानता
लगातार हो रही घटनाओं में समानता यह है कि महिलाओं की उम्र 30 से 40 साल के बीच है। सभी किसान परिवारों की थीं। किसी न किसी काम से खेत पर गई थीं। सभी वारदातें शाही थाना क्षेत्र में दस किमी के दायरे में हुई हैं। ऐसे में किसी सीरियल किलर या फिर गिरोह की इलाके में मौजूदगी मानी जा रही है।
टाइमलाइन
8 बजे सुबह : महिला घर से पति के साथ खेत के लिए निकली
10 बजे : महिला का पति खेत से साप्ताहिक बाजार के लिए निकला
11 बजे : महिला खेत से घर के लिए निकली
2 बजे : घरवालों ने महिला की तलाश शुरू की
4 बजे : रास्ते से 15 मीटर दूर झाड़ी में शव मिला
6 बजे : फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा



