Bareilly News: पीड़ित ने पकड़ा चोर, सबूत भी दिया… पुलिस ने छोड़ दिया
बरेली। हिस्ट्रीशीटर को संरक्षण देने में घिरी सीबीगंज पुलिस पर अब चोरी के आरोपियों को पकड़कर छोड़ने का आरोप लगा है। पीड़ित ने फुटेज व आरोपी के कबूलनामे के वीडियो के साथ एसएसपी दफ्तर में शिकायत की है।
सीबीगंज क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी निवासी सूरज राजपूत ने मंगलवार को एसएसपी ऑफिस में की गई शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उसके खेत से पंपिंगसेट चोरी हो गया था। उसका कुछ हिस्सा दूसरे दिन तालाब के पास मिल गया था। उन्होंने खेत के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई तो चोरी करने वाले कुछ लोगों को पहचान लिया। उसने साथियों की मदद से चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। इन लोगों पर पहले से भी चोरी के मुकदमे थे।
आरोप लगाया कि इसके बाद भी पुलिस ने आरोपियों को छोड़ दिया। सूरज ने घटना की सीसीटीवी फुटेज और एक चोर के पूरा घटनाक्रम कबूल करने की वीडियो भी शिकायत सुन रहे अधिकारी को सौंप दी। बताया कि थाना पुलिस को भी यही साक्ष्य दिए गए थे पर चोरों पर कार्रवाई नहीं की गई। मामले में जांच का आदेश दिया गया है।



