बरेली

Bareilly News: तीन दिन का वादा… आखिरकार 57 दिन बाद बजट मंजूर

Connect News 24

बरेली। अटल सेतु को चौपुला पुल से जोड़ने के लिए बजट का इंतजार खत्म हो गया। शुक्रवार को शासन की व्यय वित्त समिति ने मंजूरी दे दी। धन के अभाव में दोनों पुलों को जोड़ने का काम दो वर्ष ठप पड़ा था। शहरियों की सुविधा के लिए जरूरी इस पुल के बजट के लिए अमर उजाला ने लगातार अभियान चलाया। 15 जुलाई को मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने तीन दिन में बजट दिलाने का आश्वासन दिया तो इसके इंतजार में एक-एक दिन गिने। समय-समय पर याद दिलाया गया कि वादा अभी पूरा नहीं हुआ। आखिरकार 57 दिन बाद बजट को मंजूरी मिल गई।

अब कुछ दिनों में टेंडर निकलेंगे। फर्म का चयन कर काम शुरू कराया जाएगा। अगर कोई बाधा नहीं आई तो छह माह में दोनों पुल आपस में जुड़ जाएंगे। दिसंबर 2018 में अटल सेतु का निर्माण हुआ था। पुराने चौपुला पुल और अटल सेतु के बीच निजी इमारत बाधा बन गई थी। इमारत के मालिक की आपत्ति की वजह से दोनों पुलों को आपस में जोड़ने का काम वर्ष 2021 में अटक गया था। तब सेतु निगम ने डिजाइन में बदलाव करके 42 मीटर लंगा स्टील स्ट्रक्चर खड़ा करने का निर्णय लिया। इसके लिए 15 करोड़ रुपये की जरूरत थी।

मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र के बरेली दौरे के समय कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने यह मुद्दा उठाया था। तब मुख्य सचिव ने कहा था कि कमिश्नर का पत्र मिलने के बाद तीन दिन में बजट दिलाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। देरी पर देरी होती रही। अमर उजाला दिन गिनकर याद लाता रहा। इस पर कैंट विधायक लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद से मिले। प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान से फोन पर बातचीत की। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने भी प्रमुख सचिव लोक निर्माण को पत्र लिखे। एमडी सेेतु निगम ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद मंजूरी मिलने का रास्ता साफ हुआ।

कम होंगी दुश्वारियां

दोनों पुलों के आपस में जुड़ने से लोगों की दुश्वारियां कम हो जाएंगी। बदायूं की ओर से आने वाले वाहनों को अगर अय्यूब खां चौराहे तक आना है तो पुल से नीचे उतरना पड़ता है। दोनों पुल जुड़ गए तो जाम में फंसे बिना वे चौपुला पुल से अटल सेतु होते हुए सीधे अय्यूब खां चौराहे तक आ जाएंगे। इसी तरह से अय्यूब खां चौराहे से बदायूं की ओर जाने वाले वाहनों को भी फायदा मिलेगा।

कोट

शासन की व्यय वित्त समिति ने परीक्षण के उपरांत दोनों पुलों को जोड़ने के लिए एस्टीमेट मंजूर कर दिया है। आदेश प्राप्त होने की प्रतीक्षा है। अरुण कुमार गुप्ता, उप परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम

अमर उजाला की मुहिम को मिला मुकाम

अटल सेतु को चौपुला पुल से जोड़ने का मामला दो साल से ठंडे बस्ते में पड़ा था। अमर उजाला ने मुद्दा बनाया। लगातार खबरें प्रकाशित कीं। जिम्मेदारों पर दबाव बना और बजट की मंजूरी के प्रयास तेज हुए। इसके साथ ही हमारी मुहिम को भी मुकाम मिला। हम आगे भी जन सरोकार से जुड़े इस तरह के मुद्दे उठाते रहेंगे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button