बरेली

Bareilly News: टूलकिट में सामान दिए कम, हस्ताक्षर कराए पूरे पर

Connect News 24

बरेली। जिला उद्योग एवं प्रोत्साहन केंद्र में मंगलवार को विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने टूलकिट वितरण में अनियमितता का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। लाभार्थियों ने बताया कि अफसर टूल किट के नाम पर कुछ सामान थमा रहे हैं मगर हस्ताक्षर पूरे पर ले रहे हैं। यहां करीब घंटे भर नोकझोंक की स्थिति बनी रही।

कार्यालय के सभागार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग दिवस के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। इसमें सिलाई, नाई, खाद्य पदार्थों के कारीगर आदि को टूलकिट दी गई। नाई के लिए दी गई किट में सूची के अनुसार कैंची नहीं थी। लाभार्थियों की संख्या के हिसाब से किट भी कम पड़ गई। सिलाई ट्रेड की युवतियों के लिए सिलाई मशीन कम पड़ गई। ऐसे में जिन्हें मशीन नहीं मिली उनसे भी हस्ताक्षर कराने के आरोप हैं। बारदाना में भी दिए गए सामान में सूची के अनुसार सामान न मिलने का आरोप है।

इस पर क्योलडिया से आए लाभार्थी अकील, रोहिताश, हरहरपुर के मोहम्मद आसिफ, जगतपुर के नितेश शर्मा, नवाबगंज के आकाश श्रीवास्तव ने हंगामा कर दिया। उन्होंने जिम्मेदारों पर सामान कम देकर ज्यादा पर हस्ताक्षर कराने के खेल की आशंका जताई।

जो सामान नहीं था, आपूर्ति होने पर दे दिए जाएंगे

सहायक आयुक्त कौशल श्रीवास्तव का कहना कि टूलकिट शासन स्तर से ही प्राप्त हुई थी। वे लाभार्थी जिनकी किट में सामान कम था, उनसे बचे हुए सामान लिखवा लिए गए हैं। जिसे उच्चाधिकारियों को दे दिया जाएगा। उपलब्ध होने पर दिए जाएंगे। फिर भी अगर कुछ लाभार्थियों को सामान कम पड़ेगा तो उसकी रकम खाते में भेज दी जाएगी। कहीं किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई।

मुद्रा योजना के तहत बांटे ऋण स्वीकृति पत्र

मुख्य अतिथि नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्या ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, एक जनपद एक उत्पाद योजना, मुद्रा योजना के तहत स्वीकृति पत्र और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत लाभार्थियों को टूलकिट दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण हुआ। यहां अर्चना पालीवाल, सीमा शंकर, संजीव कुमार शर्मा, महेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।

उद्यमियों ने उठाया टैक्स, एनओसी का मुददा

कार्यक्रम में उद्यमियोें ने उद्योगों को बढ़ाने में आ रही अड़चन को प्रमुखता से रखा। मुख्यमंत्री के प्रयास को सराहते हुए विभागाें में अटके शासनादेश को जारी कराने, उद्यमियों को लैंडयूज चेंज और सख्त नियमों से राहत दिलाने की मांग की। यहां व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य पवन अरोड़ा, उद्यमी एसके सिंह, तनुज भसीन, अजय शुक्ला, राजेश गुप्ता, उन्मुक्त संभवशील, आशुतोष शर्मा आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button