बरेली

Bareilly News: सहालग में ट्रेन न बस, उड़ान भी निरस्त

Connect News 24

बरेली। सहालग के सीजन में सफर करना यूं ही मुश्किल होता है। बरेली से होकर गुजरने वाली अप-डाउन लाइन की 12 ट्रेनों के अलावा दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू और जयपुर की उड़ानें भी निरस्त कर दी गई हैं।

रोडवेज की 150 बसें निकाय चुनाव में चली गई हैं, वहीं छोटी-माटी कमियों के चलते 40 बसें वर्कशॉप से ही नहीं निकल रही हैं। इस कारण सफर और भी मुश्किल हो गया है। अचानक लंबी दूरी की बसों को निरस्त किए जाने से लोगों को अपनी यात्रा टालनी पड़ रही है।

12 ट्रेनों को नौ मई तक निरस्त किए जाने के अलावा टनकपुर-शक्तिनगर और टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस को बरेली के बजाय पीलीभीत से शाहजहांपुर होते हुए निकाला जा रहा है। बाकी ट्रेनें भी पांच-छह घंटे तक देरी से बरेली आ रही हैं। बरेली से मुंबई और बंगलूरू के लिए 180-180, जयपुर और दिल्ली के लिए 72-72 सीटर विमानों की हवाई सेवा है। बारिश और कुछ अन्य तकनीकी कारणों से हवाई सेवा को भी निरस्त कर दिया गया है।

बरेली से रोजाना औसतन 25 से 30 हजार यात्री सफर करते हैं। सड़क, रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित होने के कारण इन दिनों समस्याएं काफी बढ़ गई हैं। लोगों को घंटों बसों और ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है।

चार मई को पहले चरण के मतदान के बाद निगम की बसों की वापसी शुरू हो चुकी है। अब इन बसों को 11 मई के मतदान में भेजने की तैयारी चल रही है। ऐसे में फिलहाल यात्रियों की समस्याएं कम होती नहीं दिख रहीं।

ट्रेनों के निरस्त होने के कारण इन दिनों यात्री आरक्षित टिकटों को निरस्त करा रहे हैं। रोजाना औसतन 250 टिकट निरस्त हो रहे हैं। रेलवे की ओर से यात्रियों को किराया लौटाया जा रहा है। शुक्रवार को भी शाम छह बजे तक 196 आरक्षित टिकट निरस्त कराए गए। वाणिज्य विभाग के अनुसार जिन 12 ट्रेनों को निरस्त किया गया है, उनसे यात्रा के लिए रोजाना औसतन तीन से चार हजार अनारक्षित टिकटों की बिक्री भी होती थी। इसके अलावा लंबी दूरी की इन ट्रेनों में बड़ी संख्या में यात्री आरक्षित टिकट भी बुक कराते थे।

यात्रियों पर भारी पड़ रही वर्कशॉप की लापरवाही

बरेली से लखनऊ, दिल्ली, चंडीगढ़, देहरादून, जयपुर, आगरा, हरिद्वार, टनकपुर, जयपुर समेत कई शहरों के लिए सीधी बस सेवा है। इन बसों के संचालन का समय भी निर्धारित है, लेकिन वर्कशॉप की लापरवाही के कारण कई बार निर्धारित समय पर चलने वाली बसें भी निरस्त की जा रही हैं। वर्कशॉप में समय से बसों की मरम्मत न होने के कारण बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ की बस को निरस्त कर दिया गया था। रोडवेज की ऑनलाइन सेवाएं ठप होने से यात्री ऑनलाइन टिकट बुक नहीं करा पा रहे। दूसरी ओर बसों के संचालन का समय भी गड़बड़ा गया है। तीन दिन से राजधानी बस सेवा का संचालन भी नहीं हो रहा है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button