Bareilly News: ईंटों से भरी ट्रॉली से टकराया ट्रक, ट्रैक्टर चालक की मौत, चार जख्मी
देवरनियां। थाना देवरनियां क्षेत्र में बरेली-नैनीताल हाईवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार मजदूर घायल हो गये। पुलिस ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
थाना बहेड़ी के गांव तिलमाची निवासी ब्रह्मास्वरूप (28) शनिवार सुबह गांव के ही अतीक अहमद के भट्ठे से ट्रैक्टर-ट्राॅली में ईंट लादकर गांव मितीपुर जा रहे थे। बरेली-नैनीताल हाईवे पर रिछा मोड़ पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खाई में चला गया और उसाक चालक उछल कर दूर जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, ट्रॉली पर बैठे चार मजदूर गांव धामीपुर निवासी वीरेंद्र, तिलमाची के रामकुमार, रंजीत कुमार और गंगाराम घायल हो गए। ट्रक चालक मौका पाकर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा और ट्रक को कब्जे में ले लिया।
दवा लेकर लौट रहे स्कूटी सवार की
ट्रैक्टर की टक्कर लगने से गई जान
मीरगंज। मीरगंज से दवा लेकर अपने साथी के साथ घर लौट रहे स्कूटी सवार की ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मौत हो गई। स्कूटी पर पीछे बैठा साथी घायल हो गया। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।
आरिश पुत्र मकशद अली (20) निवासी ईयानगला अपने साथी आलम के साथ सुबह गांव से मीरगंज स्कूटी से दवा लेने आया था। 11:30 बजे लौटते समय मीरगंज-सिरौली रोड पर नंदगांव के पास कपूरपुर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली की स्कूटी से टक्कर हो गई। आरिश गिर गया तो उसके सिर के ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरिश पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। दो दिन पहले ही भाई फाजिल की शादी हुई थी। मां जीनत का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद



