Bareilly News: सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद नाबालिग से दुष्कर्म
फरीदपुर। नाबालिग छात्रा से सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों को जानकारी होने पर जब उन्होंने आरोपी के परिवार वालों से शिकायत की तो उन्होंने धमकी दी। पीड़िता के पिता ने फरीदपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा ने बताया कि वह परिवार के साथ बरेली में रहकर पढ़ाई करती है। फरीदपुर के बीसलपुर रोड निवासी गौरव ने सोशल मीडिया के जरिये उसके साथ दोस्ती की। दोस्त के कमरे पर बुलाकर उसने कई बार दुष्कर्म किया।
परिजनों को पता चला तो वह आरोपी युवक के घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गालीगलौज करते हुए धमकी दी। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी गौरव, उसके दोस्त अजय के साथ भाई यशपाल और मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में फरीदपुर इंस्पेक्टर दयाशंकर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, गर्भवती हुई किशोरी
– प्रेमी के परिजनों से शिकायत करने पर की मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। क्योलड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोस में रहने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर किशोरी से संबंध बनाए। इस बीच किशोरी गर्भवती हो गई। जब उसने प्रेमी पर शादी का दबाव बनाया तो उसने इन्कार कर दिया। उसके परिजनों से शिकायत करने पर उन्होंने मारपीट की। पीड़िता के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में ग्रामीण ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर बेटी को झांसे में ले लिया। इसके बाद उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बेटी के गर्भवती होने पर उन्हें जानकारी हुई। पूछताछ करने पर बेटी ने मामले की जानकारी दी। जब उन्होंने शादी की बात कही तो आरोपी मुकर गया। थानाध्यक्ष अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अब तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। संवाद



