Bareilly News: टीएसआई ने बदायूं रोड से गाड़ी उठाई, पटेल चौक पर सीज कर दी
बरेली। अफसर के चहेते यातायात दरोगा का नया कारनामा सामने आया है। इस बार उन्होंने नेकपुर चीनी मिल से कार पकड़कर उसका पटेल चौक से चालान दिखाकर सीज कर दिया। खुद को अफसर की बिरादरी से जुड़ा बताकर धमकाने के मामले में पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की है। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।
करेली निवासी सूरजपाल ने बताया कि उनके पास ईको कार है। टीएसआई ने उनकी कार बदायूं रोड पर नेकपुर चीनी मिल के पास रोकी, फिर कार लेकर पटेल चौक आ गए। यहां उसका मनमाफिक तरीके से चालान किया। बाद में कार को पुलिस लाइन ले जाकर सीज कर दिया।
उन्होंने कागजात पूरे होने की बात कही तो टीएसआई उन्हें धमकाने लगे। अपने अफसर का नाम लेकर कहा कि दोनों एक ही बिरादरी के हैं। तुम जहां चाहे शिकायत कर लो। पीड़ित के मुताबिक उसने एसएसपी प्रभाकर चौधरी को सारी बात बताई तो उन्होंने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
गुरुग्राम में कार, बरेली में चालान कर चुके टीएसआई
इन्हीं टीएसआई ने 25 मई को नेकपुर के ही तिरुपति विहार निवासी कंपनी प्रबंधक विवेक मिश्रा की कार का 54,000 रुपये का चालान किया था। इस दौरान विवेक गोवा में और उनकी कार गुरुग्राम में थी। विवेक का आरोप था कि इंस्टाग्राम के पुराने वीडियो के आधार पर उनकी कार का टीएसआई ने चालान कर दिया। मामले में तब यातायात पुलिस को काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी थी पर अफसर का खास होने की वजह से टीएसआई का बाल बांका न हुआ।
शिकायत किसी और अधिकारी के सामने आई होगी। हालांकि आरोपों की जांच करा ली जाएगी। उसी के मुताबिक कार्रवाई होगी। – प्रभाकर चौधरी, एसएसपी



