बरेली

Bareilly News: सपा की बैठक में हंगामा… टिकट बंटवारे पर जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक में तकरार

Connect News 24

बरेली। समाजवादी पार्टी कार्यालय में शनिवार को हुई मासिक बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। गुटबाजी भी खुलकर सामने आ गई। पूर्व विधायक सुल्तान बेग और जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप में जमकर बहसबाजी हुई। दोनों धड़ों के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की।

शिवचरन कश्यप के जिलाध्यक्ष बनने के बाद यह पहली बैठक थी। अपनी बारी आने पर पूर्व विधायक सुल्तान बेग ने बोलना शुरू किया। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में हमारा प्रदर्शन ठीक नहीं रहा। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है। उनके कहने के बाद भी जिलाध्यक्ष ने शाही और शेरगढ़ का टिकट नहीं दिया। इसी दौरान जिलाध्यक्ष पर कुछ आरोप भी लगे। इसी बीच जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप खड़े हो गए। पूर्व विधायक को रोकते हुए बोले- आप बैठ जाइए और अब और कुछ मत बोलिएगा। इसी बात पर दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। दोनों धड़ों के कार्यकर्ता भी खड़े हो गए और एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हंगामा बढ़ते ही कुछ नेताओं ने बीच-बचाव कराकर मामला शांत कराया। बात मीडिया तक पहुंची तो शुरू में सपा के नेता इस घटनाक्रम से इन्कार करते रहे। बाद में नोकझोंक का वीडियो वायरल हो गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष की नसीहत नहीं आई काम

सपा में पहले भी गुटबाजी के कई मामले सामने आ चुके हैं। एक महीने पहले ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिले के पूर्व सांसद, विधायक, मेयर और पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी। लोकसभा चुनाव में जीत का संकल्प दिलाया था। गुटबाजी छोड़कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया था। इस नसीहत का असर जिलाध्यक्ष की पहली ही बैठक में नहीं दिखा।

मैंने सिर्फ यह कहा कि निकाय चुनाव में हमारी पार्टी का प्रदर्शन ठीक नहीं रहा। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है। हमें अधिक मेहनत के साथ सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना होगा। इतने ही जिलाध्यक्ष भड़क गए। -सुल्तान बेग, पूर्व विधायक

मुझे तो लग रहा है कि पूर्व विधायक बोल कुछ रहे थे और उनके मुंह से निकल कुछ रहा था। उन्होंने कहा कि उनके कहने पर शीशगढ़, मीरगंज के टिकट दे दिए गए मगर शाही और शेरगढ़ का टिकट नहीं दिया गया। इस पर उन्हें बताया गया कि सभी टिकट लखनऊ से फाइनल हुए हैं। उनकी बातचीत सुनकर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। मैंने साफ कर दिया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोई बात नहीं सुनी जाएगी। – शिवचरन कश्यप, जिलाध्यक्ष

जनेश्वर मिश्र को दी श्रद्धांजलि

बरेली। सपा की बैठक में हंगामे से पहले जनेश्वर मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, अरविंद यादव, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, विजय पाल सिंह, मयंक शुक्ला मोंटी, अगम मौर्या, भुवनेश यादव, अतुल पाराशरी, कदीर अहमद, पंडित दीपक शर्मा, रविन्द्र यादव, शेर सिंह गंगवार, राम प्रकाश यादव, अरविंद यादव, अशफाक गाजी, चौधरी विजेंद्र सिंह, गौरव सक्सेना, अनिल जौहरी, ऋतिक शर्मा, अनिल कुमार शर्मा, प्रवीण कुमार मिश्रा, मनोहर लाल गंगवार समेत अन्य मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button