Bareilly News: 232 करोड़ से संवरेगा 32.50 किमी में फैला नाथ कॉरिडोर
बरेली। 32.50 किलोमीटर में फैले नाथ कॉरिडोर के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके शासन को सौंपने के निर्देश पर्यटन विभाग को मिले हैं। प्रोजेक्ट के तहत 232 करोड़ रुपये की लागत से प्रमुख सात नाथ मंदिरों अलखनाथ, बनखंडीनाथ, तपेश्वरनाथ, धोपेश्वरनाथ, मढ़ीनाथ, त्रिवटी नाथ और पशुपतिनाथ मंदिर को आपस में जोड़ता हुआ कॉरि़डोर तैयार किया जाएगा। इससे जुड़ी सड़कों का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कराया जाएगा। मंदिरों को जाने वाले रास्तों पर लाइटें, संकेत स्तम्भ, यात्री शेड आदि लगाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इसके तहत मंदिरों के जीर्णोद्वार एवं विकास कार्य कराने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से प्रस्तुतिकरण दिया गया है। इसके तहत मंदिरों में गौशाला, भंडारा स्थल, सत्संग स्थल, वैदिक पुस्तकालय, वाटिका के साथ क्लॉक रूम, शुद्ध पेयजल, पार्किंग, शौचालय आदि की व्यवस्था की जाएगी। प्रोजेक्ट के तहत वरिष्ठ अधिकारियों से सुझाव भी मांगे गए हैं। कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने पर्यटन विभाग को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।



