Bareilly News: छेड़छाड़ की शिकार छात्रा की मौत, आक्रोशित परिजनों ने नैनीताल हाईवे किया जाम

परिजनों को समझाती पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में छेड़छाड़ पीड़ित छात्रा की सेनेटाइजर पीने से मौत हो गई। इससे आक्रोशित छात्रा के परिजनों ने मंगलवार शाम को नैनीताल हाईवे पर जाम लगा दिया। हंगामे के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर फोर्स के साथ पुलिस अफसर पहुंच गए। परिजनों का समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। रात आठ बजे तक जाम नहीं खुल सका था।
हाल ही में मठ लक्ष्मीपुर में एक युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। बताया गया कि एक छात्रा से छेड़छाड़ के बाद छात्रा का भाई उसकी पिटाई कर रहा है। छात्रा के पिता ने युवक पर रिपोर्ट कराई थी, वहीं युवक ने मारपीट करने की रिपोर्ट छात्रा के भाई के खिलाफ कराई थी।
मंगलवार को छात्रा की मौत हो गई। बताया गया कि तीन दिन पहले ही छात्रा ने सेनेटाइजर पी लिया था। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। पीड़ित छात्रा के पिता ने युवक पर ही बेटी को जबरन सेनेटाइजर पिलाने का आरोप लगाकर रिपोर्ट कराई है।



