Bareilly News: बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों ने लगाया जाम
जलालाबाद। खराब ट्रांसफार्मर को बदलने के बाद भी तीन दिन से सप्लाई शुरू न किए जाने से भड़के कलक्टरगंज के ग्रामीणों ने सोमवार सुबह गांव जाने वाले रास्ते पर जाम लगा दिया। जानकारी होने पर विद्युत निगम की टीम मौके पर पहुंची और बिजली सप्लाई शुरू कराई।
ग्राम पंचायत गुलड़िया के मजरा कलक्टरगंज के प्रधान उमेश कुशवाहा ने बताया कि गांव में लगा ट्रांसफार्मर 21 मई को फुंक गया था। कई बार शिकायत करने पर करीब दस दिन बाद इसे बदला गया लेकिन आपूर्ति शुरू नहीं की गई। इस पर ग्रामीण कई बार बिजली उपकेंद्र गए और आपूर्ति शुरू करने को कहा लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। गर्मी में कर्मचारियों की मनमानी से परेशान ग्रामीण भड़क गए और सोमवार सुबह शाहजहांपुर हाईवे से गांव को जाने वाले रास्ते को घेरकर बैठ गए। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना था कि जब तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं होगी, प्रदर्शन जारी रहेगा। ग्रामीणों की नाराजगी को भांपकर दोपहर एक बजे पहुंची बिजलीकर्मियों की टीम ने तार जोड़कर सप्लाई शुरू करा दी। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान धर्म सिंह, लालू, रविंद्र सिंह, राजकिशोर, राजेश कुमार, राहुल व गोविंद आदि मौजूद रहे।



