Rampur News: प्रेमिका की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर खुद भी दे दी जान
–
रामपुर। उत्तराखंड सीमा से सटे बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मनिहारखेड़ा निवासी एक युवक ने मांग में सिंदूर भरने का विरोध करने पर पहले ब्लेड से प्रेमिका के चेहरे पर वार किया और उसके बाद गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद युवक ने फांसी लगाकर खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर एसपी समेत आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से सिंदूर की डिब्बी बरामद की है।
मनिहारखेड़ा निवासी राजवीर (18) पुत्र रामनाथ का गांव की ही पिंकी (15) पुत्री प्रेमपाल से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। राजवीर उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन पिंकी परिजनों के कहे अनुसार ही शादी करने की बात कहती थी। सोमवार दोपहर बाद चार बजे पिंकी गांव के बाहरी छोर पर स्थित सरदारों के डेरे से काम कर लौट रही थी। उसी दौरान गांव के ही बाहर ही राजवीर ने उसे रोक लिया और उसे गन्ने के खेत में खींचकर ले गया। जहां पर राजवीर ने पिंकी मांग में सिंदूर भर दिया। पिंकी ने विरोध किया तो राजवीर ने पहले उसके चेहरे पर ब्लेड से वार कर उसे घायल कर दिया। बाद में उसके दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद लगभग 50 मीटर दूर स्थित पेड़ पर अपने गमझे से फांसी लगाकर उसने भी आत्महत्या कर ली। राहगीरों ने शव पेड़ पर लटका देखा तो मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पाकर राजवीर के परिजन शव को पेड़ से उताकर घर ले गए। इसी बीच ग्रामीणों ने कुछ दूर पर पिंकी का शव भी पड़ा देखा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पाकर सीओ अरुण कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसपी अशोक कुमार शुक्ला, एएसपी डा. संसार सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से सिंदूर की डिब्बी बरामद की है।

