बरेली

Bareilly News: मेगा फूड पार्क व मिनी ट्रांसपोर्ट नगर का इंतजार बरकरार

Connect News 24

बरेली। इन्वेस्टर्स समिट में 18 हजार करोड़ का निवेश कर नाथ नगरी को उद्योग नगरी बनाने में जुटे उद्यमियों की समस्याएं जस की तस हैं। प्रशासनिक बैठकों में उद्यमी समस्याएं गिनाते हैं। आश्वासन भी मिलते हैं, मगर इंतजार खत्म नहीं हो रहा।

बहेड़ी के मुड़िया मुकर्रमपुर गांव की 250 एकड़ भूमि पर मेगा फूड पार्क विकसित करने की योजना है। अधिकारियों का दावा है कि प्लॉटों की बुकिंग तेजी से हो रही है। मगर बैठकों में उद्यमी जब इसकी रिपोर्ट मांगते हैं, तो अफसर महज आश्वासन देते हैं। उद्यमियों के मुताबिक पार्क में अब तक उद्योगों के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित नहीं हुआ है। आईआईए चैप्टर चेयरमैन तनुज भसीन ने बताया कि जल्द ही प्रकरण में ज्ञापन सौंपेंगे।

मिनी ट्रांसपोर्ट नगर की मांग पर नहीं हो रही सुनवाई

उद्योग बंधु की बैठकों में उद्यमी परसाखेड़ा और भोजीपुरा के बीच मिनी ट्रांसपोर्ट नगर बसाने की मांग कर रहे हैं। पर अब तक कोई खास पहल नहीं हुई है। बीडीए वीसी और भोजीपुरा के नायब तहसीलदार को स्थान चिह्नित करने के निर्देश थे पर अब तक प्रकरण में कोई प्रगति नहीं है। उद्यमियों का तर्क है कि रजऊ परसपुर की ओर बसे टीपी नगर से परसाखेड़ा और भोजीपुरा औद्योगिक आस्थान दूर होने से ट्रकों को पूरा चक्कर काटना पड़ता है। माल चोरी की आशंका रहती है। संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर दयाल शुक्ला ने बताया था कि इन्वेस्टर्स समिट के दौरान मंडल से 1103 करार हुए थे। इसमें से 343 प्रोजेक्ट भू उपयोग परिवर्तन, बीडीए के मानक, बिजली लोड कनेक्शन, धारा-80, फायर एनओसी, भूमि उपलब्धता आदि में अटके हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button