Bareilly News: बारिश के बाद जलभराव से लोगों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Mon, 10 Jul 2023 01:27 AM IST
फरीदपुर। शनिवार देर रात हुई बारिश के बाद कस्बे के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। रविवार को दिनभर लोग जलभराव से जूझते रहे। बीसलपुर रोड, परा मोहल्ला समेत कई मोहल्लों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मोहल्ला परा में श्मशान भूमि के समीप और बीसलपुर रोड पर सरकारी तालाबों को पाटकर प्लाटिंग की जा रही है। कई तालाब पर कब्जा हो चुका है। इस वजह से बारिश के बाद पानी निकासी नहीं हो पाती। शनिवार को बारिश के बाद परा मोहल्ला के श्मशान स्थल पर जलभराव हो गया। रविवार को मोहल्ले के एक व्यक्ति का दसवां संस्कार किया गया। जलभराव के बीच से निकलकर लोग दसवां स्थल तक पहुंचे। जलभराव को लेकर लोगों ने रोष भी जताया। वहीं, कस्बे में बीसलपुर में रोड पर करीब 100 मीटर तक गंदा पानी भरा हुआ है। मोहल्ले के पूर्व सभासद एवं विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष सोमपाल राठौर ने तालाबों से अवैध कब्जा हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जल्द तालाबों को कब्जामुक्त नहीं किया गया तो वह आंदोलन करेंगे।



