Bareilly News: एक वर्ष में भी नहीं बन सकी मझौआ-घंघोरा सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Mon, 10 Jul 2023 01:27 AM IST
भोजीपुरा। गांव मझौआ गंगापुर से घंघोरा-घंघोरी की खस्ताहाल रोड एक वर्ष में भी नहीं बन सकी। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अफसरों के वादे खोखले साबित हो रहे हैं। गंगापुर गांव को सांसद ने गोद भी ले रखा है।
करीब एक किलोमीटर लंबी यह सड़क काफी खराब है। इसमें करीब 200 मीटर तक गड्ढे ही गड्ढे हैं। मझौआ गंगापुर गांव के कांवड़िये मझौआ भोजीपुरा रोड से जाते हैं। लौटकर घंघोरा घंघोरी मझौआ गंगापुर रोड से आते हैं। खास बात यह है कि गंगापुर गांव को सांसद संतोष गंगवार ने गोद ले रखा है।
पिछले वर्ष ग्राम प्रधान संजीव गंगवार व ग्रामीणों ने मंडी समिति, पीडब्ल्यूडी और सांसद संतोष गंगवार से मझौआ से घंघोरा- घंघोरी रोड की मरम्मत कराने की मांग की थी। लेकिन सांसद ने मझौआ सैय्यदपुर वाली रोड बनवा दी। इस रोड के लिए ग्रामीणों ने कहा तो सांसद ने ग्राम प्रधान व ग्रामीणों से 2024 के बाद सड़क बनवाने की बात कही है। प्रधान संजीव गंगवार ने बताया कि मझौआ घंघोरा रोड मंडी समिति की है। ग्राम पंचायत से करीब 200 मीटर लंबी सड़क का एस्टीमेट दिया है। बजट की कमी के चलते सड़क नहीं बन सकी है।



