Bareilly News: पत्नी को विदा नहीं किया तो युवक ने फंदे से लटककर जान दी
भुता। क्षेत्र के गांव गूंगा में एक युवक ने फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। बुधवार को उसका सास और पत्नी से झगड़ा हुआ था। करवाचौथ पर पत्नी को विदा भी नहीं किया गया था।
गांव गूंगा निवासी प्रमोद कुमार की शादी दो वर्ष पूर्व पीलीभीत के अमरगंज निवासी युवती से हुई थी। प्रमोद के बाबा बाबूराम ने बताया कि प्रमोद की पत्नी दो महीने पहले मायके चली गई थी। करवाचौथ के दिन बुधवार को प्रमोद उसे लेने ससुराल गया तो उसका अपनी सास से झगड़ा हो गया। पत्नी को विदा भी नहीं किया। इसके बाद प्रमोद गांव लौट आया। शाम को भी उसका सास से फोन पर भी झगड़ा हुआ था।
प्रमोद ने रात में खुद को कमरे में बंदकर लिया और रस्सी का फंदा लगाकर उससे लटक गया। सुबह दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो उसका शव छत के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका हुआ था।
सूचना पर पहुंचे भुता थाना अध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा ने मौका मुआयना किया। परिजनों का आरोप है कि सास व पत्नी से हुए विवाद के कारण प्रमोद ने यह कदम उठाया है। प्रमोद धान का प्लांट चलाते थे। उनकी एक वर्ष की बेटी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।



