Bareilly News: ससुरालीजनों के उत्पीड़न से परेशान होकर महिला ने जान दी
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Thu, 29 Jun 2023 01:16 AM IST
बरेली। संतान न होने पर ससुरालीजनों के उत्पीड़न से तंग आकर एक महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका के भाई ने पति और सास समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि दहेज के लिए भी उत्पीड़न किया जाता था।
पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी निवासी केदारनाथ ने अपनी बहन राधा देवी की शादी 2007 में कोतवाली की मठ की चौकी किसानों वाली गली निवासी मुकेश राजपूत के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। शादी के करीब 17 साल बाद भी राधा को संतान नहीं हुई थी। इस वजह से ससुरालीजनों का उत्पीड़न और बढ़ गया। पति मुकेश राजपूत, ससुर राजकुमार, ननद उर्मिला और कविता के अत्याचारों से राधा परेशान थी। कई बार उसने मायके वालों को बताया भी। परेशान राधा ने 24 जून को मकान की दूसरी मंजिल पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ससुरालीजन बिना सूचना दिए ही अंतिम संस्कार करने की तैयारी थे। सूचना पर मायका पक्ष ससुराल पहुंच गया। केदारनाथ की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति मुकेश राजपूत, ससुर राजकुमार, ननद कविता और उर्मिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।



