Bareilly News: बरातघर से जेवर और रुपये से भरा बैग चोरी
फतेहगंज पूर्वी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर उचसिया मोड़ के पास एक बरातघर से चोर जेवर और रुपये से भरा बैग चोरी कर ले गए। घटना सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हुई है। बैग में एक मोबाइल भी रखा हुआ था। मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। देर रात थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई।
निवड़िया गांव के रहने वाले गौरव शर्मा की मंगलवार को शादी थी। उचसिया मोड़ के पास स्थित बरातघर में शादी समारोह का आयोजन हुआ था। शादी में शामिल होने आई एक महिला ने जेवर और रुपयों से भरा बैग कमरे में रख दिया। उसी बैग में उनका मोबाइल रखा था। इसके बाद शादी की रस्मों में मशगूल हो गईं। फेरों की रस्म पूरी होने के बाद जब वह कमरे में पहुंची तो बैग वहां नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज देखने पर दो लड़के बैग ले जाते दिखे। दोनों बिना रजिस्ट्रेशन प्लेट की बाइक से आए थे। काफी देर तक इधर-उधर घूमने के बाद वह बैग लेकर चंपत हो गए। बैग में नकदी के साथ करीब 10 लाख कीमत के जेवरात रखे थे। सूचना पर बरातघर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखी। चोरों को पकड़ने के लिए बैग में रखे मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इंस्पेक्टर ओमप्रकाश गौतम ने बताया कि फुटेज के जरिये चेहरे की पहचान कराई जा रही है। जल्द चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा। अब तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
महिला ने पूछा तो बोला दीदी ने मंगाया है बैग
जिस कमरे में रुपये से भरा बैग रखा था वहां एक रिश्तेदार महिला भी बैठी हुई थी। लड़कों को बैग ले जाते देख जब उन्होंने टोका तो उनमें से एक चोर ने कहा कि बैग दीदी ने मंगाया है। इसके बाद महिला ने उनसे ज्यादा पूछताछ नहीं की।
छत पर सोता रहा परिवार, चोरों ने खंगाल लिया घर
फतेहगंज पूर्वी। बसावनपुर गांव में अतुल कुमार के घर में घुसे चोर नकदी और जेवरात के साथ मोबाइल चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बताया मंगलवार रात परिवार घर की छत पर सो रहा था। देर रात किसी समय घर में घुसे चोर 70 हजार रुपये के साथ एक मोबाइल, सोने की झुमकी, दो सोने की अंगूठी, एक मंगलसूत्र समेत अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। सुबह उठने पर चोरी की जानकारी हुई। अतुल ने पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर ओमप्रकाश गौतम ने बताया जांच की जा रही है। संवाद



