Bareilly News: काम करते समय कुतुबखाना पुल से गिरा मजदूर, हालत गंभीर
बरेली। कुतुबखाना फ्लाईओवर के निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते आखिरकार हादसा हो ही गया। पुल के लिए शटरिंग बांध रहा मजदूर रविवार तड़के चार बजे नीचे गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मजदूरों ने दोपहर तक काम बंद रखा। अमर उजाला ने खबरें प्रकाशित कर जिम्मेदारों को बार-बार चेताया था। जिम्मेदारों ने यदि वहां सुरक्षा इंतजाम किए होते तो शायद यह हादसा नहीं होता।
कुतुबखाना चौराहे से कोहाड़ापीर तक निर्माणाधीन पुल पर शटरिंग का काम हो रहा है। रविवार को शटरिंग बांधने के दौरान पीलीभीत के पूरनपुर निवासी मजदूर धनंजय नीचे गिर गया। दूसरे मजदूर उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए। वहां से उसे रेफर कर दिया गया। इसी दौरान कार्यदायी संस्था के ठेकेदार भी पहुंच गए। उन्होंने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को हादसे की सूचना तक नहीं दी गई। कार्यदायी संस्था के ठेकेदार और प्रोजेक्ट मैनेजर हादसे पर पर्दा डालने की कोशिश में जुटे हैं। उच्चाधिकारियों को भी हल्की चोट आने की सूचना दी गई। फ्लाईओवर के निर्माण में पहले भी इस तरह की लापरवाही सामने आ चुकी है।
मुझे हादसे की जानकारी है। प्रोजेक्ट मैनेजर से फोन पर बात करके पता कर रहे हैं। – संजय कुमार तिवारी, वरिष्ठ महाप्रबंधक, स्मार्ट सिटी



