Bareilly News: लाइक्स और हिट्स की तलब में रील बना रहे युवा, गले पड़ रही मुसीबत
बरेली। सोशल मीडिया पर चर्चित होने और लाइक्स मिलने की तलब में युवा रील्स बनाने पर तुले हैं। जानलेवा स्टंट से लेकर हथियारों के प्रदर्शन से भी वह गुरेज नहीं करते। इसके चलते कई बार वह मुसीबत में पड़ जाते हैं। फिल्मी डायलॉग और भड़काऊ गानों पर अक्सर युवा कार और हथियारों के जरिये खतरनाक स्टंट करते हैं। शहर की सड़कों पर हुड़दंग काटते हैं। थोड़ी सी कहासुनी में ही ये भड़क जाते हैं और अपराध कर डालते हैं। हाल के दिनों में ऐसी घटनाएं सामने आई हैं।
ये रहे चर्चित मामले
– पिछले माह फरीदपुर के पचौमी निवासी युवक ने तमंचे के साथ अपना फोटो इंस्टाग्राम पर डाल दिया था। इंस्टाग्राम पर लाइक और शेयर भी खूब मिले। कुछ ही देर में तमंचे के साथ युवक का फोटो वायरल हो गया। फोटो के साथ लिखा था कि भाई है अपना। फोटो वायरल होने पर फरीदपुर पुलिस ने मामले की जांच की थी।
– चार दिन पहले डांसर युवती ने पिस्टल के साथ रील बनाकर अपने फेसबुक अकाउंट पर डाला था। वीडियो फरीदपुर का बताकर वायरल किया गया तो कुछ लोगों ने पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की। डांसर को रील वायरल होने की भनक लगी तो उसने अपने अकाउंट से वीडियो हटाकर फेसबुक आईडी लॉक कर ली।
– कुछ दिन पहले किला क्षेत्र के युवक ने तमंचे के साथ फोटो स्टे्टस पर लगाया और किंग ऑफ बरेली लिखा। तमंचे के साथ युवक का फोटो वायरल हुआ तो किला थाने में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
– भोजीपुरा इलाके के युवक ने तमंचे के साथ फोटो खिंचवाया था। युवक ने टशन दिखाने के लिए फोटो शेयर किया तो वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने घंघोरा निवासी युवक को मय तमंचे के जेल भेज दिया।
वर्चस्व और टशन दिखाने के चक्कर में हुईं दो घटनाएं
केस एक
15 दिन पहले शाहजहांपुर निवासी जसकरन को फरीदपुर निवासी कथित शूटर जीवनजोत ने डीडीपुरम के पॉश इलाके में गोली मार दी थी। दरअसल जीवनजोत कारों के काफिले से टशन दिखाता था। जसकरन के दोस्त हंसप्रीत से इसी टशन में उसका विवाद हो गया था और वह हंसप्रीत को गोली मारने आया था।
केस दो
मंगलवार को जगतपुर निवासी कृष्णन सुभाषनगर गए तो ई रिक्शा से बाइक टकरा गई। पीछे से आए सनी गोस्वामी से कृष्णन की कहासुनी हो गई। कृष्णन जब बरेली कॉलेज गया तो सनी गोस्वामी और उसके साथी कारों से वहां पहुंचे और कृष्णन को पीट दिया। टशन दिखाने के लिए लड़कों ने हवाई फायरिंग भी की थी।
सोशल मीडिया सेल कर रही निगरानी
फोटो
पुलिस विभाग ने अपने कर्मचारियों के लिए रील बनाने को लेकर आचार संहिता लागू कर रखी है। आमजन भी अगर अमर्यादित तरीके से रील और मीम्स बनाते हैं तो कार्रवाई की जाती है। सोशल मीडिया सेल इसकी निगरानी करता है। – प्रभाकर चौधरी, एसएसपी
अभिभावकों का नियंत्रण नहीं, आभासी दुनिया में जी रहे युवा
फोटो
आज के युवा आभासी दुनिया में जी रहे हैं। अधिकतर मामलों में देखने में आया है कि अभिभावकों का बच्चों पर नियंत्रण नहीं है। वह खुद मोबाइल फोन पर ज्यादा समय देते हैं तो बच्चों को इस बारे में आगाह नहीं कर पाते। बच्चों को संस्कार देने के बजाय लोगों के बंगले और कार दिखाकर उन्हें टोका जाता है, जबकि बच्चों को मेहनत करने के लिए नहीं कहा जाता। नाबालिगों के हाथ में कार और हाईस्पीड बाइक सौंपी जा रही हैं। स्कूलों में अनुशासन बनाए रखना शिक्षकों के लिए बड़ी चुनौती है। इस कारण युवा पीढ़ी बेलगाम हो रही है। – अनुग्रह एडमंड, मनोवैज्ञानिक



