Bareilly News: आज मंडराएंगे बादल, कल से होगी तेज धूप
बरेली। बारिश के बाद खुशनुमा मौसम का आनंद ले रहे लोग अब पसीने से तरबतर होंगे। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार से बादल की आवाजाही थमेगी, आसमान साफ रहेगा। तेज धूप लोगों को तपिश का एहसास कराएगी।
छह दिन पहले लगातार तीन दिन तक रिकॉर्ड 55 मिमी बारिश हुई थी। इससे हवा में नमी बढ़ी और तापमान करीब दस डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था। इससे लोगों को काफी राहत मिली। बारिश थमने के बाद भी नम हवा लोगों को राहत पहुंचाती रही। आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के मुताबिक रविवार को हल्के बादल मंडराएंगे। सोमवार से तेज धूप होने का पूर्वानुमान जताया है। शनिवार को दिनभर धूप खिली रही। इससे अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़त के बाद 34.5 डिग्री और न्यूनतम एक डिग्री उछाल के बाद 20.7 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। हवा में नमी 65 फीसदी रही। ब्यूरो



