Bareilly: अविश्वास प्रस्ताव पर बढ़ी रार, ब्लॉक प्रमुख के भाई पर फायर झोंका, दूसरे पक्ष ने भी लगाया आरोप

बिथरी ब्लॉक प्रमुख बृजेश कुमारी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में बिथरी ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की सुगबुगाहट के बीच सत्तापक्ष से जुड़े नेताओं में गुटबाजी हावी हो रही है। शुक्रवार शाम ब्लॉक प्रमुख के भाई ने अपने ऊपर जानलेवा हमले का आरोप लगाकर तहरीर दी तो दूसरी ओर से भी इसी तरह का आरोप लगाकर शिकायत की गई। पुलिस इसे चुनावी दांव मानते हुए मामले की जांच कर रही है।
बिथरी ब्लॉक प्रमुख बृजेश कुमारी के भाई कुसमेंद्र पटेल तैयतपुर के निवासी हैं। उनका आरोप है कि वह शुक्रवार दोपहर भाई के साथ कार से रामगंगा कॉलोनी के सेक्टर-9 में बिजली उपकेंद्र के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान कमुआ कला निवासी कमल पटेल ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगा दी। तभी गाड़ी से कमल, उसके पिता वीरपाल और पांच लोग उतरे। ये लोग कुसमेंद्र को गाड़ी से उतारकर पीटने लगे। शोर सुनकर ग्रामीण जुटने लगे तो कमल ने कुसमेंद्र पर फायर कर दिया, जो मिस हो गया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर कमल वहां से भाग गया।
उधर, कमल पटेल का आरोप है कि वह दोपहर में बीडीए ऑफिस जा रहे थे। तभी कुसमेंद्र ने भाई मुनेंद्र पटेल, उसकी बहन ब्रजेश कुमारी के ससुर शंकरलाल, देवर सुरेंद्र पटेल व दो अज्ञात लोगों के साथ रामगंगा कॉलोनी सेक्टर-9 के पास उन्हें घेर लिया। उनकी गाड़ी के आगे गाड़ी लगाकर रोका और जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। फायर मिस हो गया। भीड़ जुटने पर ये लोग उनसे 50 हजार रुपये, सोने की चेन और मोबाइल फोन छीन ले गए। इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कि दोनों तरफ से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।



