Bareilly: बरेली कॉलेज के बाहर छात्र नेताओं की दुकानें बनीं बदमाशी का अड्डा, बाहरी करा रहे बवाल

बरेली कॉलेज के बाहर लगी स्टॉल
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शिक्षा और अनुशासन के लिए चर्चित बरेली कॉलेज के के पूर्वी गेट पर इन दिनों बवाल हो रहे हैं। परिसर की सुरक्षा और निगरानी में ढील इसकी प्रमुख वजह है। गेट पर छात्र नेताओं की अति सक्रियता और उनकी दुकानों पर बाहरी लोगों का जमघट लगने से भी विवाद हो रहे हैं।
कॉलेज के पूर्वी और पश्चिमी गेट के बाहर छात्र नेताओं ने साइबर कैफे और अन्य दुकानें खोल रखी हैं। यहां बाहरी लोगों की आवाजाही भी रहती है। यहां खड़े लड़के राह चलती लड़कियों पर फब्तियां भी कसते हैं। वर्चस्व दिखाने के लिए ये गुट बनाकर मारपीट करते हैं। चार दिन में ही दो घटनाएं हो चुकी हैं। छात्र की पिटाई का वीडियो भी वायरल हुआ था। मामला पहले दबा लिया गया था, बाद में बारादरी पुलिस ने दो आरोपियों सुधीर राठौर और हर्षित सागर का शांतिभंग में चालान किया था।
बुधवार को अमर उजाला टीम ने कॉलेज का हाल देखा तो परिसर में ई-रिक्शा बेरोकटोक घूम रहे थे। बैरियर पर सुरक्षाकर्मी नहीं दिखे। एकाध जगह गार्ड मूकदर्शक की हालत में खड़े थे। कॉलेज के अंदर बुलेट व अन्य स्पोर्ट्स बाइकों से लड़के स्टंट करते दिखे।



