आजम के परिवार को प्रताड़ित कर रही भाजपा : राय
रामपुर। कांग्रेस और सपा के बीच हो रही तकरार के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने सपा नेता आजम खां के समर्थन में खड़े होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि आजम खां के परिवार को भाजपा सरकार द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। आजम खां की पत्नी तजीन फात्मा के साथ ऐसी कानूनी कार्रवाई पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। भाजपा एकतरफ महिलाओं के सम्मान करने की बात करती है, दूसरी तरफ महिलाओं को जेल में डाल देती है। कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में आजम खां के परिवार के साथ है।
बरेली से दिल्ली जाते समय बाईपास पर पहुंचे कांग्रेसियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सपा नेता आजम खां के समर्थन की बात कही। कहा कि आजम खां के परिवार का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने यूपी कि कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था ठप है। भाजपा राज में कोई सुरक्षित नहीं है। लखनऊ में मंत्री के बेटे के रिवाल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी जाती है, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। सरकार ने भाजपा नेताओं को अपराध करने कि खुली छूट दे रखी है। सरकार ने आज तक किसी भी भाजपा नेता पर कोई कार्रवाई नहीं की, चाहे वह लखीमपुर की घटना हो, चाहे लखनऊ की घटना हो, सरकार ने आंखें मूंदने का काम किया।
उन्होंने कहा कांग्रेस पूरी 80 लोकसभा सीटो पर तैयारी कर रही है। प्रदेश भर के कांग्रेसजनों में एक नई ऊर्जा का संचालन हुआ है। हम बड़े भाई कि भूमिका में काम कर रहे हैं। 2024 में भाजपा कांग्रेस में सीधा मुकाबला होगा। जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता देश में कांग्रेस की सरकार बनाकर रहेंगे। इस मौके पर प्रदेश संगठन सचिव अनिल यादव, ज़िला अध्यक्ष धर्मेन्द्र देव गुप्ता, पूर्व विधायक अफरोज अली खां, शहर अध्यक्ष नोमान खां, लल्लन खां, ताहिर अंजुम, अकरम सुलतान, मास्टर फिरोज़ खां, जिबरान खां, अब्दुल जब्बार खां, महबूब खां, दामोदर सिंह गंगवार, हसीब खां आदि मौजूद रहे।