जन्मे कन्हाई… घर-घर बजी बधाई: बरेली में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, देखिए तस्वीरें

धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भाद्रपद कृष्ण पक्ष अष्टमी की आधी रात को रोहिणी नक्षत्र में जैसे ही नंदलाल का जन्म हुआ, वातावरण में आनंद घुल गया। नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की… जयकारे से बरेली शहर गुंजायमान हुआ। मंदिरों से लेकर लोगों के घरों तक उल्लास छा गया।
आतिशबाजी के बीच प्रसाद व मिष्ठान्न वितरित कर लोगों ने खुशी जाहिर की। महिलाओं ने सोहर गाकर नेग न्योछावर किया। बांके बिहारी मंदिर, हरि मंदिर, रामायण मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, रोहली टोला स्थित नवदुर्गा मंदिर समेत शहर के सभी देवालयों में कान्हा का जन्मोत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने घरों में भी नंदलाल के जन्म का आनंद लिया।
ठाकुर जी के जन्म के बाद उनको पंचामृत स्नान कराकर शृंगार किया गया। चितचोर को पालने में झुलाने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ मची रही। छप्पन भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया गया। इससे पहले मंदिरों में शाम से ही भजन-कीर्तन का क्रम चल रहा था जो कान्हा के जन्म के साथ पूर्ण हुआ। एक-दूसरे को बधाई देने का क्रम देर रात तक चलता रहा।




